छत्तीसगढ़

सालेम इंग्लिश स्कूल में मना दीवाली उत्सव, दिखी भारत की सांस्कृतिक विविधता

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On नवम्बर 5, 2026
1 min read • 1.2k views
सालेम इंग्लिश स्कूल में मना दीवाली उत्सव, दिखी भारत की सांस्कृतिक विविधता

रायपुर, 5 नवंबर 2026। दीवाली पर्व के आयोजन शुरू हो गए हैं। धनतेरस की पूर्व संध्या पर सालेम इंग्लिश स्कूल, रायपुर में दीवाली उत्सव का आयोजन किया गया। आयोजन में स्कूल के छात्र-छात्राओं ने फैशन शो, पारंपरिक वेशभूषा, दीया निर्माण और रंगोली प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के जरिए बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। समारोह का मुख्य आकर्षण फैशन शो और पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिता रही। छात्र-छात्राओं ने देश के विभिन्न राज्यों की पारंपरिक पोशाकें पहनकर भारत की सांस्कृतिक विविधता और लोक परंपराओं को प्रदर्शित किया। उनकी प्रस्तुतियों में देश की विविध संस्कृति के साथ एकता और आपसी सम्मान का संदेश भी नजर आया।

इसके अलावा बच्चों ने आकर्षक दीये बनाए और रंगोली प्रतियोगिता में अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाई। रंग-बिरंगी रंगोलियों और सजावटी दीयों से विद्यालय परिसर दीपावली के रंगों से सराबोर हो गया। विद्यालय की प्राचार्या रूपिका लॉरेंस ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान और अच्छे अंक हासिल करना नहीं है। बच्चों में अच्छे संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्य, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति हमारी पहचान और विरासत है। नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना आवश्यक है। बच्चों में मानवता, सेवा, ईमानदारी, समानता और देश के प्रति कर्तव्यबोध विकसित करना समय की जरूरत है।

कार्यक्रम में डायोसिस आफ छत्तीसगढ़, चर्च आफ नॉर्थ इंडिया (सीएनआई) के सचिव एवं वाइस चेयरमैन नितिन लॉरेंस विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि भविष्य के समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। समारोह का समापन दीपावली की शुभकामनाओं के साथ हुआ। विद्यालय ने संदेश दिया कि शिक्षा के साथ संस्कृति, संस्कार और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध ही सच्ची शिक्षा का आधार हैं।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।