प्रतापगढ़, 15 मई 2025। ठाकुर राम ढिगवस गांव में 85 वर्षीय पं. सदाशिव मिश्र के निधन से शोक की लहर छा गई है। प्राथमिक विद्यालय के पूर्व प्रधानाध्यापक पं. सदाशिव मिश्र सेवानिवृत्ति के बाद भी गांव के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बने रहे। स्नेह और सम्मान से गांव के लोग उन्हें ‘गुरुजी’ कहकर बुलाते थे। जीवन के अंतिम क्षणों तक उन्होंने युवाओं को शिक्षा और नैतिकता का पाठ पढ़ाया। उनके निधन से गांव ने एक मार्गदर्शक खो दिया है।
पं. सदाशिव के दो पुत्र हैं। उनका बड़ा पुत्र रक्षा मंत्रालय में इंजीनियर के पद से सेवानिवृत्त है, जबकि छोटा पुत्र नोती के संस्कृत विद्यालय में प्रधानाचार्य है। पं. सदाशिव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कट्टर समर्थक थे और सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों पर अपनी राय स्पष्टता से रखते थे। उनके निधन पर गांव के समाजसेवी और भाजपा नेता विजय मिश्र ने गहरा दुख जताते हुए कहा, गांव ने अपना जामवंत खो दिया। गुरुजी का मार्गदर्शन हमेशा याद रहेगा।
गांव के पूर्व प्रधान बबलू, युवा समाजसेवी रोहित मिश्र, राहुल, दिलीप, मोनू सहित अनेक लोगों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। गांव में उनके घर पर शोक व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा। पं. सदाशिव की सादगी, विद्वता और युवाओं के प्रति समर्पण ने उन्हें सभी के दिलों में विशेष स्थान दिलाया था। उनकी स्मृति में गांव के युवाओं ने शिक्षा और सामाजिक कार्यों में उनके आदर्शों को जीवित रखने का संकल्प लिया।