विदेश

UPSC IFS 2024 में कनिका अनभ ने किया टॉप

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On मई 20, 2025
1 min read • 1.2k views
UPSC IFS 2024 में कनिका अनभ ने किया टॉप

नई दिल्ली, 20 मई 2025। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने भारतीय वन सेवा (IFS) परीक्षा 2024 का अंतिम परिणाम 19 मई 2025 को घोषित कर दिया। परिणाम आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर उपलब्ध है। इस परीक्षा में रांची की कनिका अनभ ने ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल कर झारखंड का नाम रोशन किया है। UPSC IFS 2024 की टॉपर लिस्ट में कनिका के बाद खंडेलवाल आनंद अनिलकुमार (रैंक 2), अनुभव सिंह (रैंक 3), जैन सिद्धार्थ पारसमल (रैंक 4) और मंजूनाथ शिवप्पा निदोनी (रैंक 5) शामिल हैं।

UPSC IFS परीक्षा तीन चरणों में आयोजित होती है। प्रीलिम्स, मुख्य (मेंस) परीक्षा और इंटरव्यू। प्रीलिम्स में सफल उम्मीदवारों ने 24 नवंबर से 1 दिसंबर 2024 तक आयोजित मेंस परीक्षा दी। मेंस में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का इंटरव्यू 21 अप्रैल से 2 मई 2025 के बीच हुआ। अंतिम परिणाम में 143 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।

कनिका अनभ ने अपनी इस उपलब्धि से पूरे झारखंड को गौरवान्वित किया है। रांची में पली-बढ़ी कनिका के पिता अभय कुमार सिन्हा, रिटायर्ड जिला जज हैं। कनिका ने बताया कि तीन साल की कठिन मेहनत और लगन के बाद यह सफलता मिली। उन्होंने कहा, मैंने दो बार यूपीएससी इंटरव्यू दिया, लेकिन चयन नहीं हुआ। इस बार मैंने हार नहीं मानी और आखिरकार टॉप रैंक हासिल की। उनकी मां अनीता सिन्हा ने बताया कि कनिका की मेहनत और समर्पण को देखकर परिवार बेहद खुश है। परिणाम के बाद परिवार ने मंदिर में पूजा-अर्चना की।

कनिका के पिता अभय कुमार सिन्हा ने भावुक होकर कहा, हम कोडरमा से रांची आए थे ताकि रिजल्ट साथ देख सकें। उम्मीद थी कि परिणाम अच्छा होगा, लेकिन देश में पहला स्थान प्राप्त करना गर्व का क्षण है। कनिका की इस उपलब्धि पर सोशल मीडिया पर भी बधाइयों का तांता लगा है। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय है।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।