• Home
  • छत्तीसगढ़
  • एम्स रायपुर के नर्सिंग अधिकारी ने तैयार की HOAC डिवाइस, मिला पेटेंट
एम्स रायपुर के नर्सिंग अधिकारी ने तैयार की HOAC डिवाइस, मिला पेटेंट

एम्स रायपुर के नर्सिंग अधिकारी ने तैयार की HOAC डिवाइस, मिला पेटेंट

रायपुर, 4 जून 2025। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में स्थित एम्स, जिसे एम्स रायपुर के नाम से जानते हैं, वहां पदस्थ नर्सिंग अधिकारी अरोकियाराज यू. ने एक अनोखी डिवाइस तैयार किया है। इसका नाम हाईली ऑक्सीजनेटेड एरोसोल कंट्रोल्ड (HOAC) कॉम्बो डिवाइस है। यह चिकित्सा प्रक्रियाओं के दौरान संक्रमण से बचाएगा। इस इनोवेटिव HOAC डिवाइस को भारत सरकार ने पेटेंट दिया है। अब यह पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया है। अरोकियाराज यू. सीटीवीएस (कार्डियोथोरेसिक एंड वैस्कुलर सर्जरी) विभाग के वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी हैं।

क्या है HOAC कॉम्बो डिवाइस

  • HOAC (Highly Oxygenated Aerosol Controlled) कॉम्बो डिवाइस एक बंद प्रणाली (Closed System) आधारित श्वसन सहायता उपकरण है।
  • इसका उद्देश्य चिकित्सा प्रक्रियाओं के दौरान रोगी और स्वास्थ्य कर्मियों को संक्रमण के खतरे से बचाना है।
  • यह डिवाइस नेबुलाइजेशन, थूक के नमूने संग्रहण, इंसेंटिव स्पिरोमेट्री, कम प्रवाह ऑक्सीजन थेरेपी के दौरान संक्रमण के जोखिम को कम करने में सहायक है।
  • डिवाइस की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह हवा में फैलने वाले एरोसोल संक्रमण (Aerosol Transmission) को रोकने में सक्षम है, जो कई गंभीर बीमारियों के फैलाव का प्रमुख कारण होता है।

पेटेंट से मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान

अरोकियाराज यू. के इस नवाचार को भारतीय पेटेंट कार्यालय, नई दिल्ली द्वारा उपयोगिता पेटेंट (Utility Patent) प्रदान किया गया है। यह प्रमाण इस बात का स्पष्ट संकेत है कि यह तकनीक भविष्य में स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े बदलाव का वाहक बन सकती है।

वर्तमान में यह डिवाइस प्रोटोटाइप विकास चरण में है। इसके बाद पायलट अध्ययन और नैदानिक सत्यापन (Clinical Validation) की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इन परीक्षणों के सफल होने पर यह उपकरण भारत ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर व्यापक रूप से इस्तेमाल किया जा सकेगा।

इंडिया इनोवेशन समिट में दी प्रस्तुति

अरोकियाराज यू. ने अपने डिवाइस को 18-19 मार्च 2025 को भारत मंडपम कन्वेंशन सेंटर, नई दिल्ली में आयोजित इंडिया इनोवेशन समिट 2025 में प्रस्तुत किया। यह समिट भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) और स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग (DHR) द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित की गई थी। वहां इस डिवाइस को विशेषज्ञों और स्वास्थ्य नीति निर्माताओं से सराहना मिली।

एटलस ऑफ इनोवेशन में प्रकाशन

यह उपकरण अब एटलस ऑफ इनोवेशन प्लेटफॉर्म पर भी प्रकाशित हो चुका है। यह प्लेटफॉर्म टीबी उन्मूलन और अन्य संक्रामक रोगों के समाधान हेतु नई तकनीकों और नवाचारों को बढ़ावा देने वाला एक प्रतिष्ठित वैश्विक मंच है। HOAC डिवाइस का इसमें शामिल होना एम्स रायपुर की नवाचार क्षमता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करता है।

एम्स निदेशक ने दी बधाई

एम्स रायपुर के कार्यकारी निदेशक और सीईओ, लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल (सेवानिवृत्त) ने इस उपलब्धि पर हर्ष जताते हुए अरोकियाराज यू. को बधाई दी। उन्होंने कहा, यह उपकरण एम्स रायपुर के लिए गर्व की बात है। नर्सिंग स्टाफ द्वारा ऐसा तकनीकी नवाचार दिखाता है कि संस्थान में हर स्तर पर उत्कृष्टता और प्रतिबद्धता है। यह न केवल मरीजों को बेहतर सेवा देगा, बल्कि स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा को भी सुनिश्चित करेगा।

अरोकियाराज यू. ने इस उपलब्धि के लिए अपने सीटीवीएस विभाग, चिकित्सा अधीक्षक और एम्स प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, यह नवाचार अकेले मेरा नहीं है, बल्कि एम्स रायपुर की टीम भावना और अनुसंधान के प्रति समर्पण का परिणाम है। मैं इस यात्रा में मिले सहयोग के लिए सभी का धन्यवाद करता हूं।

एम्स रायपुर के वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी अरोकियाराज यू. द्वारा विकसित HOAC डिवाइस चिकित्सा क्षेत्र में एक उपयोगी तकनीक साबित हो सकती है।