छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में सिजेरियन प्रसव के बढ़ते चलन पर विश्व आयुर्वेद परिषद चिंतित

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On नवम्बर 26, 2026
1 min read • 1.2k views
सिजेरियन प्रसव का चलन छत्तीसगढ़ में बढ़ा

रायपुर, 26 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में सिजेरियन प्रसव के बढ़ते चलन को लेकर चिकित्सा जगत और सामाजिक संगठनों ने चिंता जताई है। विश्व आयुर्वेद परिषद, छत्तीसगढ़ की ओर से आयोजित संगोष्ठी में सामने आए आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में करीब 30 प्रतिशत प्रसव सिजेरियन के जरिए हो रहे हैं। इनमें 90 प्रतिशत मामले निजी अस्पतालों के बताए गए हैं। इस स्थिति को चिंताजनक बताते हुए निजी अस्पतालों का हर महीने आडिट कराने और रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग उठाई गई।

भगवान धन्वन्तरि जयंती के अवसर पर 22 नवंबर को रायपुर के पंडरी स्थित जागृति मंडल सभागार में आयोजित संगोष्ठी का विषय ‘नारी स्वास्थ्य कल्याण’ के अंतर्गत ‘जननी सुरक्षा-प्राकृतिक प्रसव’ था। आयोजन में चिकित्सकों, महिला विशेषज्ञों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सुरक्षित मातृत्व तथा सामान्य प्रसव को प्रोत्साहित करने पर विचार साझा किए।

पुणे से आए कम्युनिटी मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. अशोक काले मुख्य वक्ता थे। उन्होंने आधुनिक समय में सिजेरियन डिलीवरी के बढ़ते चलन पर चिंता जताते हुए प्राकृतिक प्रसव के शारीरिक, मानसिक और दीर्घकालिक लाभ बताए। उन्होंने कहा कि उचित मार्गदर्शन और सहयोग से प्राकृतिक प्रसव को सुगम बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू, बाल आयोग की श्रीमती वर्णिका शर्मा, आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. प्रदीप कुमार पात्रा, सीएमएचओ डॉ. मिथिलेश चौधरी सहित चिकित्सा और सामाजिक क्षेत्र की कई हस्तियां उपस्थित रहीं। विश्व आयुर्वेद परिषद् की इस पहल में सेवा भारती, सक्षम, आरोग्य भारती और भारतीय कुष्ठ निवारण संघ सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों का सहयोग रहा। आयोजन के अंत में जननी सुरक्षा और सुरक्षित प्राकृतिक प्रसव के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया गया।

अस्पतालों के आडिट और निगरानी की मांग

संगोष्ठी में इस बात पर विशेष चिंता जताई गई कि सिजेरियन प्रसव के बढ़ते आंकड़ों के बावजूद मातृ मृत्यु का आंकड़ा भी सौ के पार पहुंच गया है। इस पर शासन से निजी नर्सिंग होम और अन्य अस्पतालों का मासिक आॅडिट कराने तथा उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक करने का आग्रह किया गया। साथ ही डॉक्टरों और समाजसेवियों की एक टीम गठित करने का निर्णय लिया गया। यह टीम हर महीने अस्पतालों का दौरा कर सिजेरियन प्रसव की संख्या और उसके कारणों का अध्ययन करेगी तथा अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। इसका उद्देश्य अनावश्यक सर्जरी को हतोत्साहित करना है।

डॉ. काले ने पारंपरिक डिलीवरी टेबल के विकल्प के रूप में स्वयं विकसित विशेष ‘प्रसव चेयर’ का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया। इसमें सामने अर्धवृत्ताकार स्टेनलेस स्टील पाइप लगाया गया है, जिसका सहारा लेकर प्रसव के दौरान महिला को प्राकृतिक रूप से जोर लगाने में सुविधा मिलती है। उन्होंने पारंपरिक बैठकर प्रसव कराने की पद्धति का उल्लेख करते हुए इस व्यवस्था की उपयोगिता बताई। उपस्थित स्त्री रोग विशेषज्ञों ने इसके व्यावहारिक उपयोग और कार्यप्रणाली को लेकर सवाल भी किए। संगोष्ठी में डॉ. मीनाक्षी दुबे, डॉ. नम्रता सिरमौर, डॉ. पल्लवी शीर सागर, श्रुति गजेन्द्र और डॉ. अनामिका सिंह ने सामान्य प्रसव के विभिन्न पहलुओं पर विचार रखे।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।