रायपुर, 26 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के औद्योगिक उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने और स्थानीय उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने के लिए बुनियादी ढांचे, तकनीक, वित्तीय सहायता और निर्यात पर विशेष जोर दिया गया है। रायपुर में आयोजित ‘ग्लोबल राइज 2026’ में उद्योग जगत, एमएसएमई प्रतिनिधियों, वित्तीय संस्थानों और सरकारी अधिकारियों ने राज्य के औद्योगिक विकास की संभावनाओं पर चर्चा की। इसमें स्टील, पावर, इंफ्रास्ट्रक्चर और माइनिंग जैसे प्रमुख क्षेत्रों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की रणनीतियों पर विचार किया गया।
25 नवंबर 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य फोकस भारत के बढ़ते मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) से क्षेत्रीय उद्योगों को मिलने वाले अवसरों का लाभ उठाने पर रहा। वक्ताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़ के पास मजबूत औद्योगिक आधार है, लेकिन वैश्विक प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ने के लिए वैल्यू चेन, कनेक्टिविटी, वित्तीय संसाधनों और आधुनिक तकनीक को मजबूत करना जरूरी है।
छत्तीसगढ़ चैंबर आफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष सतीश थौरानी ने औद्योगिक विकास में इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी की अहमियत बताई। एसएमबी कनेक्ट के संस्थापक संदीपन रे ने कहा कि क्षेत्रीय उद्योगों को बड़े व्यावसायिक नेटवर्क, बाजार के अवसरों और विशेषज्ञता से जोड़कर विकास की नई संभावनाएं तैयार की जा सकती हैं। उन्होंने बताया कि ग्लोबल एमएसएमई अभियान 15 शहरों की यात्रा पर आगे बढ़ रहा है।
एमएसएमई के लिए वित्त और तकनीक पर जोर
उद्घाटन सत्र में स्वदेशी जागरण मंच के छत्तीसगढ़ प्रांत संयोजक जगदीश पटेल ने ‘छत्तीसगढ़ : भारत का अगला ग्रोथ इंजन’ विषय पर राज्य की आर्थिक और औद्योगिक क्षमता को रेखांकित किया। स्वदेशी व्यापारी मंच के राज्य संयोजक एवं चैंबर के महासचिव अजय भसीन ने व्यापारिक समुदाय का दृष्टिकोण रखा। भारतीय रिजर्व बैंक के प्रबंधक नवीन तिवारी ने एमएसएमई क्षेत्र को मजबूत बनाने में बैंकिंग व्यवस्था की भूमिका बताई। वहीं एचडीएफसी बैंक के एरिया हेड रेहान सैयद ने वर्किंग कैपिटल और क्रेडिट सुविधाओं के माध्यम से कारोबार विस्तार की संभावनाओं पर जानकारी दी।

