प्रतापगढ़, 28 नवंबर 2026। प्रतापगढ़ में कायस्थ समाज ने अपनी राजनीतिक भागीदारी का मुद्दा उठाते हुए भाजपा नेतृत्व से प्रतिनिधित्व का अवसर देने की मांग की है। समाज के सक्रिय कार्यकर्ताओं ने भाजपा के प्रदेश के सभी प्रकोष्ठों के संयोजक एवं काशी प्रांत के पूर्व संगठन मंत्री ओम प्रकाश श्रीवास्तव से मुलाकात कर अपनी अपेक्षाएं रखीं। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि भाजपा के साथ लंबे समय से खड़े रहने के बावजूद प्रतापगढ़ में कायस्थ समाज को राजनीतिक प्रतिनिधित्व का पर्याप्त अवसर नहीं मिला है।
ओम प्रकाश श्रीवास्तव के जनपद आगमन पर कायस्थ परिवार की ओर से भगवान चित्रगुप्त की प्रतिमा भेंट कर और अंगवस्त्र ओढ़ाकर उनका स्वागत किया गया। इस दौरान जनपद के विकास, राजनीतिक परिस्थितियों और समाज की भूमिका को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान कायस्थ समाज के सदस्यों ने कहा कि प्रतापगढ़ में बाबूलाल श्रीवास्तव के बाद आज तक समाज के किसी अन्य व्यक्ति को प्रतिनिधित्व करने का अवसर नहीं मिला है। जबकि कायस्थ समाज हमेशा भाजपा के साथ खड़ा रहा है। प्रतिनिधियों ने ओम प्रकाश श्रीवास्तव से आग्रह किया कि समाज की इस मांग और भावनाओं को भाजपा के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाया जाए तथा इस बार कायस्थ समाज के किसी सदस्य को राजनीतिक प्रतिनिधित्व का अवसर दिया जाए।
इस अवसर पर ओम प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि देश की आजादी से लेकर अब तक कायस्थ समाज ने राष्ट्र और समाज के विकास में अग्रणी भूमिका निभाई है। समाज हमेशा राष्ट्रवादी विचारधारा के साथ खड़ा रहा है और नई दिशा देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कायस्थ परिवार के सदस्यों से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहने और समाज के विकास में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मुलाकात में कायस्थ परिवार के संयोजक अमितेंद्र श्रीवास्तव, भारत विकास परिषद के सदस्य डॉ. क्षीतिज श्रीवास्तव, भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक डॉ. अविनाश श्रीवास्तव, डॉ. राजीव श्रीवास्तव, डॉ. गौरव श्रीवास्तव, देश दीपक श्रीवास्तव, डॉ. शंकर सहाय, संजय श्रीवास्तव, राजकुमार सिन्हा, रीता श्रीवास्तव और विशाखा श्रीवास्तव सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

