Join US

बांदा के अमलीकौर और खटान ग्राम समूह पाइप पेयजल परियोजना की हुई सराहना

बांदा, 13 जून 2025। सर्किट हाउस बांदा के मीटिंग हॉल में जिला पेयजल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें केंद्रीय नोडल अधिकारी नीरज कुमार, संयुक्त सचिव, पूर्वोत्तर विकास क्षेत्र, और नेशनल वास एक्सपर्ट सुभाष चौधरी ने हिस्सा लिया। बैठक में जनपद में संचालित दो प्रमुख जलापूर्ति योजनाओं अमलीकौर और खटान ग्राम समूह पाइप पेयजल परियोजना की प्रगति की समीक्षा की गई।

इस अवसर पर पद्मश्री उमाशंकर पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय, अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मदनमोहन वर्मा, जिला विकास अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, सहायक अभियंता भूगर्भ जल विभाग श्वेता गुप्ता, और डिस्ट्रिक्ट कन्सलटेंट यूएनओपीएस आशीष कुमार सिंह सहित जल जीवन मिशन के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

नीरज कुमार ने अपने तीन दिवसीय प्रवास के दौरान जनपद में पेयजल आपूर्ति की प्रगति की सराहना की। उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसी योजनाएं, जो आम जनमानस के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाती हैं, उनके परिणामों और प्रयासों की झांकी सर्किट हाउस में प्रदर्शित की जानी चाहिए। इससे विशिष्ट आगंतुक योजनाओं के प्रभाव और किए गए कार्यों का तुलनात्मक अवलोकन कर सकेंगे।

सुभाष चौधरी ने जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को और अधिक सक्रियता दिखाने का निर्देश दिया। बैठक में जलापूर्ति योजनाओं की समयबद्धता, गुणवत्ता, और रखरखाव पर भी चर्चा हुई।

अधिकारियों ने योजनाओं को शीघ्र पूरा करने और ग्रामीणों तक निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।