• Home
  • छत्तीसगढ़
  • आध्या पनिकर ने मेघ मल्हार डांस फेस्टिवल में लहराया परचम
आध्या पनिकर ने मेघ मल्हार डांस फेस्टिवल में लहराया परचम

आध्या पनिकर ने मेघ मल्हार डांस फेस्टिवल में लहराया परचम

रायपुर, 19 जून 2025। छत्तीसगढ़ की संगीत नगरी रायगढ़ की होनहार बाल कलाकार आध्या पनिकर ने भिलाई में आयोजित प्रतिष्ठित मेघ मल्हार डांस फेस्टिवल में भरतनाट्यम-सब जूनियर श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है। इस नृत्य प्रतियोगिता को शास्त्रीय नृत्य के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मंच माना जाता है, जिसमें देशभर से युवा प्रतिभाएं भाग लेती हैं।

आध्या की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मेहनत और समर्पण से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं। आध्या को यह सफलता उनके गुरु सौम्या मेनन के कुशल मार्गदर्शन और परम श्रद्धेय गुरु डॉ. रतीश बाबू के आशीर्वाद से मिली। आध्या, रायगढ़ निवासी अरुण पनिकर और श्रीमती सुजिता पनिकर की सुपुत्री तथा रायपुर के सीके एस. पाणिकर की पौत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार और गुरुजनों में हर्ष का माहौल है।

आध्या की नृत्य साधना और अनुशासन की हर कोई प्रशंसा कर रहा है। इससे पहले भी आध्या ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। अप्रैल 2025 में मुंबई में आयोजित एक राष्ट्रीय स्तर की डांस प्रतियोगिता में उन्होंने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी कला का लोहा मनवाया था। आध्या की लगातार सफलताएँ न केवल रायगढ़, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय हैं। उनके इस प्रदर्शन ने युवा कलाकारों के लिए प्रेरणा का काम किया है। स्थानीय निवासियों और कला प्रेमियों ने आध्या को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।