खेल

सीबीएसई क्लस्टर-2 बैडमिंटन टूर्नामेंट में डीपीएस रायपुर फिर चैंपियन

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On अगस्त 6, 2025
1 min read • 1.2k views
सीबीएसई क्लस्टर-2 बैडमिंटन टूर्नामेंट में डीपीएस रायपुर फिर चैंपियन

रायपुर, 6 अगस्त 2025। सीबीएसई क्लस्टर-2 बैडमिंटन टूर्नामेंट में डीपीएस रायपुर फिर चैंपियन बना है। डीपीएस रायपुर लगातार दूसरे साल यह उपलब्धि हासिल करने में सफल रहा। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 1 से 3 अगस्त 2025 तक डीपीएस फरक्का एनटीपीसी, मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल) में आयोजित किया गया था।

इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और उड़ीसा के कुल 113 स्कूलों ने भाग लिया, जिसमें 600 बालक और 300 बालिकाएं शामिल थीं। अंडर-14 बालक वर्ग में डीपीएस रायपुर की टीम ने डीएवी पब्लिक स्कूल, बैरकपुर को हराकर फाइनल मुकाबला जीत लिया और लगातार दूसरे वर्ष खिताब पर कब्जा जमाया।

विजेता टीम में अभिमन्यु सिंह, शाश्वत मिश्रा और श्रेयांस मिस्त्री जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल रहे। टीम के कोच शक्ति मिश्रा ने जानकारी दी कि इस जीत के बाद डीपीएस रायपुर की टीम सितंबर 2025 में गुड़गांव (हरियाणा) में होने वाली सीबीएसई नेशनल बैडमिंटन स्पर्धा में भुवनेश्वर जोन का प्रतिनिधित्व करेगी।

गौरतलब है कि वर्ष 2024 में भी सीबीएसई क्लस्टर-2 टूर्नामेंट में डीपीएस रायपुर की अंडर-14 बालक टीम ने केपीएस भिलाई द्वारा आयोजित स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता था। इस तरह डीपीएस रायपुर की टीम लगातार दो वर्षों से चैंपियन बनी हुई है।

डीपीएस रायपुर की इस उपलब्धि पर प्राचार्य, शिक्षकगण और छात्रों ने हर्ष व्यक्त करते हुए टीम को आगामी राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।