मुंबई, 16 अगस्त 2025। भारतीय सिनेमा के साहसी फिल्ममेकर विवेक रंजन अग्निहोत्री अपनी ट्रुथ-टेलिंग ट्रिलॉजी को द बंगाल फाइल्स के साथ पूरा करने जा रहे हैं। यह फिल्म भारत के इतिहास के एक अनकहे और छिपे हुए अध्याय को उजागर करेगी। कोलकाता में होने वाले ट्रेलर लॉन्च में दर्शकों के लिए एक खास सरप्राइज है। ट्रेलर से पहले 15 मिनट का एक्सक्लूसिव कट दिखाया जाएगा, जो पहले अमेरिका प्रीमियर में प्रदर्शित हो चुका है। यह कट बंगाल की अनकही कहानियों और सच्चाइयों को दर्शाएगा, जो दर्शकों को फिल्म की कहानी की गहराई में ले जाएगा और ट्रेलर लॉन्च का उत्साह बढ़ाएगा।
द बंगाल फाइल्स का टीज़र रिलीज़ होने के बाद से ही यह फिल्म चर्चा में है। टीज़र में काली माँ की मूर्ति को भट्टी में जलते दिखाने के दृश्य ने विवाद खड़ा किया, जिसके चलते तृणमूल कांग्रेस के सदस्यों सहित कई FIRs दर्ज हुईं। निर्देशक विवेक रंजन अग्निहोत्री, प्रोड्यूसर अभिषेक अग्रवाल और अभिनेत्री-प्रोड्यूसर पल्लवी जोशी पर विवादित कंटेंट के आरोप लगे। हालांकि, हाई कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद सभी FIRs पर रोक लगी, जिससे फिल्म का प्रमोशन जारी रहा। इस विवाद ने दर्शकों की जिज्ञासा को और बढ़ा दिया है।
फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती, पल्लवी जोशी, अनुपम खेर और दर्शन कुमार जैसे दिग्गज कलाकार हैं। विवेक रंजन अग्निहोत्री ने इसे लिखा और निर्देशित किया है, जबकि अभिषेक अग्रवाल और पल्लवी जोशी ने प्रोडक्शन संभाला है। तेज नारायण अग्रवाल और आई एम बुद्धा द्वारा प्रस्तुत यह फिल्म, द कश्मीर फाइल्स और द ताशकंद फाइल्स की तरह विवेक की फाइल्स ट्रिलॉजी का हिस्सा है। 5 सितंबर 2025 को रिलीज़ होने वाली यह फिल्म इतिहास की अनकही सच्चाइयों को सामने लाएगी।
















