• Home
  • छत्तीसगढ़
  • रायपुर में यातायात व्यवस्था संभालेंगे 96 पुलिस मितान
रायपुर में यातायात व्यवस्था संभालेंगे 96 पुलिस मितान

रायपुर में यातायात व्यवस्था संभालेंगे 96 पुलिस मितान

रायपुर, 29 अगस्त 2025। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में यातायात व्यवस्था संभालने पुलिस मितानों को भी जिम्मेदारी दी गयी है। बता दें रायपुर शहर में गणेशोत्सव पर्व धुमधाम से मनाया जा रहा है। श्रद्धालु समितियों द्वारा शहर में कई स्थानों पर गणेश की विभिन्न रूपों में मनमोहक प्रतिमा स्थापित की गई है।

रायपुर वासियों द्वारा प्रतिमाओं व सजावट को देखने के लिए भ्रमण करने के कारण गणेशोत्सव पर्व तक गणेश पंडालों के आसपास काफी भीड़भाड़ रहती है। इससे शहर के मार्गों में यातायात का अतिरिक्त दबाव बना होता है। गणेश पंडालों के आसपास यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस मितानों का सहयोग लेने के लिए आईजी अमेरश मिश्रा के निर्देशन में और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में यातायात थाना क्षेत्रों से युवाओं को जो पुलिस मितान बनकर पुलिस के कार्यो में सहयोग करने के इच्छुक है, उनसे संपर्क किया गया, जिसमें 96 युवा सामने आए एवं स्वयं संकल्पित होकर यातायात व्यवस्था में सहयोग प्रदाय करने पर सहमति जताई।

यातायात व्यवस्था में सहयोग करने सामने आए इन युवाओं को डॉ. प्रशांत शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात एवं उप पुलिस अधीक्षक द्वय सतीश ठाकुर एवं गुरजीत सिंह द्वारा सभी पुलिस मितानों को यातायात ड्यूटी करने के संबंध में समझाईश दिया गया, पुलिस मितान का टी शर्ट एवं रात्रि में सुरक्षित व अलग से पहचान हो इसके लिए रिफ्लेक्टिव जैकेट प्रदाय किया।

इन पुलिस मितानों को ट्राफिक हैट एवं व्हिसिल कार्ड व व्हिसिल भी प्रदाय किया जाएगा ताकि पुलिस मितान ट्राफिक वार्डन बनकर कार्य कर सके। आईजी अमरेश मिश्रा की रायपुर के नागरिकों को पर्व के दौरान यातायात की सुलभ व्यवस्था उपलब्ध कराकर पर्व का आनंद उठाने के प्रति संवेदनशीलता, सकारात्मक पहल से 96 पुलिस मितान युवाओं को से यातायात पुलिस के साथ यातायात थाना क्षेत्रों के बड़े गणेश पंडाल वाले स्थानों में व्यवस्था संभालने लगाया जाएगा।

इन्ही युवाओं में से बेहतर कार्य करने वाले युवाओं को जिला प्रशासन व नगरीय प्रशासन की अनुमति से ट्राफिक वार्डन बनाकर शहर में यातायात व्यवस्था के लिए चौक चौराहों पर लगाया जाएगा।