• Home
  • छत्तीसगढ़
  • छत्तीसगढ़ की नन्ही पंडवानी गायिका हिना साहू की कबीर भक्ति गीतों ने जीता दिल
छत्तीसगढ़ की नन्ही पंडवानी गायिका हिना साहू की कबीर भक्ति गीतों ने जीता दिल

छत्तीसगढ़ की नन्ही पंडवानी गायिका हिना साहू की कबीर भक्ति गीतों ने जीता दिल

रायपुर, 30 अगस्त 2025। छत्तीसगढ़ के भाटापारा के ग्राम जरोद की 9 वर्षीय पंडवानी गायिका हिना साहू ने अपनी मधुर आवाज और भक्ति भाव से सबका मन मोह लिया। सुंदरानी स्टूडियो में निर्माता-निर्देशक निखिल सुंदरानी के निर्देशन में हिना ने गुरु कबीर साहेब की जन्म कथा और भक्ति गीतों की रिकॉर्डिंग की, जो यूट्यूब पर प्रसारण के लिए तैयार की गई है। यह रिकॉर्डिंग छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को विश्व पटल पर ले जाने का एक और प्रयास है।

निखिल सुंदरानी पिछले छह वर्षों से छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और कला को संरक्षित करने में जुटे हैं। उन्होंने ग्रामीण अंचलों से सैकड़ों कलाकारों को खोजकर तीज-तिहार, भक्तिन कर्मा माता, गुरु घासीदास बाबा, बूढ़ा देव और मां दुर्गा के गीतों व कथाओं को यूट्यूब के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया। इस कड़ी में उन्होंने सबसे कम उम्र की पंडवानी गायिका हिना साहू को अपने निर्देशन में प्रस्तुत किया। निखिल ने हिना की प्रतिभा को निखारकर उन्हें वैश्विक मंच पर लोकप्रिय बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

निखिल सुंदरानी ने मीडिया को बताया कि जरोद, भाटापारा की निवासी हिना साहू ‘कबीर सात संग’ में अपनी गायन कला और अभिनय से सभी को आश्चर्यचकित करती हैं। उनकी गायकी में भक्ति और समर्पण का अनूठा संगम है, जो श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर देता है। हिना की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है।

हिना साहू की इस उपलब्धि ने साबित कर दिया कि प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती। निखिल सुंदरानी का यह प्रयास छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को संजोने और नई पीढ़ी को प्रेरित करने की दिशा में एक मील का पत्थर है। हिना के गीतों को यूट्यूब पर जल्द ही देखा जा सकेगा, जो निश्चित रूप से दर्शकों का दिल जीतेंगे।