• Home
  • यूपी
  • बहराइच में पकड़ा गया प्रतापगढ़ का शातिर कुलदीप, गैंग बनाकर कर रहा था अपराध
बहराइच में पकड़ा गया प्रतापगढ़ का शातिर कुलदीप, गैंग बनाकर कर रहा था अपराध

बहराइच में पकड़ा गया प्रतापगढ़ का शातिर कुलदीप, गैंग बनाकर कर रहा था अपराध

प्रतापगढ़, 1 सितंबर 2025। यूपी के प्रतापगढ़ जिले के शातिर कुलदीप सिंह को बहराइच जिले में पुलिस ने पकड़कर जेल भेजा है। कुलदीप बहराइच में गैंग बनाकर अपराध कर रहा था। वह जेठवारा थाना क्षेत्र के बसावन गांव का रहने वाला है।

बहराइच के अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गा प्रसाद तिवारी और मिहींपुरवा सर्किल की क्षेत्राधिकारी हर्षिता तिवारी ने 31 अगस्त को प्रेस कांफ्रेंस करके मीडिया को पूरी जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुर्तिहा कोतवाली के विभिन्न इलाकों के किसानों से गोंडा जिले के तुलसीपुर माझा निवासी दुर्गेश कुमार ने 29 जून को ट्रैक्टर भाड़े पर लिया था।

किसानों को न भाड़ा दिया गया और न ही ट्रैक्टर वापस मिला। किसानों ने इसकी शिकायत थाने पर की तो पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान प्रतापगढ़ जिला निवासी कुलदीप सिंह का नाम सामने आया।

पूछताछ में पता चला कि कुलदीप ने कई ट्रैक्टरों को भाड़े पर लेकर मैनपुरी जिला निवासी सुभाष कुमार के हाथ बेच दिया है। आरसी बदलकर किसानों के ट्रैक्टर बेचे जाने की जानकारी होने पर पुलिस व स्वाट टीम को राजफाश के लिए लगाया गया।

मुर्तिहा कोतवाल राम नरेश यादव और स्वाट टीम प्रभारी मनोज यादव की टीम ने 30 अगस्त की रात तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से सात ट्रैक्टर भी बरामद हुए।

क्षेत्राधिकारी हर्षिता तिवारी ने बताया कि प्रतापगढ़ जिले के जेठवारा थाना क्षेत्र के बसावन निवासी कुलदीप सिंह, मैनपुरी के बेवर इलाके के जगतपुर खास निवासी सुभाष कुमार और मथुरा के छाता इलाके के भदावल निवासी रामजी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।

कुलदीप सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है। उनके खिलाफ प्रतापगढ़, प्रयागराज, गोंडा, मथुरा व बहराइच के थानों में मुकदमे दर्ज हैं।