यूपी

एएनएम विमला पाल सेवानिवृत्त, सीएचसी परिसर में दी गई भावभीनी विदाई

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On सितम्बर 3, 2025
1 min read • 1.2k views
एएनएम विमला पाल सेवानिवृत्ति, सीएचसी परिसर में दी गई भावभीनी विदाई

गौरा (प्रतापगढ़), 3 सितंबर 2025। प्रतापगढ़ जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरा में लंबे समय तक सेवारत रहीं एएनएम विमला पाल ने अपनी सेवानिवृत्ति के साथ स्वास्थ्य सेवाओं में अपने 37 वर्षों के समर्पित योगदान को पूर्ण किया। वर्तमान में परसामऊ गांव में तैनात विमला पाल के सम्मान में सीएचसी परिसर में 2 सितंबर 2025 को एक भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का आयोजन केंद्र के अधीक्षक डॉ. अजय कुमार सिंह के मार्गदर्शन में हुआ, जिसमें स्टाफ और स्थानीय लोग शामिल हुए।

विमला पाल की नियुक्ति वर्ष 1988 में हुई थी, और तब से उन्होंने ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समारोह में डॉ. विकास दीप पटेल, डॉ. राजीव त्रिपाठी और फार्मासिस्ट रमाकांत चौरसिया ने विमला पाल की कर्तव्यनिष्ठा, कार्य के प्रति समर्पण और मरीजों के प्रति उनकी संवेदनशीलता की जमकर सराहना की। डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा, विमला जी ने न केवल अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी कमी हमेशा खलेगी।

समारोह में उपस्थित अन्य एएनएम, स्टाफ नर्स और कर्मचारियों ने भी विमला पाल के साथ अपने अनुभव साझा किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विमला पाल ने अपने संबोधन में सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गौरा में बिताए वर्ष उनके लिए अविस्मरणीय रहेंगे। उन्होंने युवा स्वास्थ्य कर्मियों को समर्पण और ईमानदारी के साथ सेवा करने की सलाह दी।

इस अवसर पर सीएचसी के कर्मचारियों ने विमला पाल को स्मृति चिन्ह और शॉल भेंटकर सम्मानित किया। समारोह में उपस्थित सभी लोगों ने उनके स्वस्थ और सुखमय जीवन की कामना की।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।