देश

यूपी में चोरी और ड्रोन की घटनाओं से दहशत, BJP नेता ने बताया योगी विरोधियों की साजिश

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On सितम्बर 24, 2025
1 min read • 1.2k views
यूपी में चोरी और ड्रोन की घटनाओं से दहशत, BJP नेता ने बताया योगी विरोधियों की साजिश

लखनऊ, 24 सितंबर 2025। उत्तर प्रदेश में इन दिनों चोरी की बढ़ती घटनाओं और रात में ड्रोन दिखने से जनता में दहशत का माहौल है। इन वारदातों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बेहतर कानून व्यवस्था की छवि को नुकसान पहुंचाया है। इस बीच, भाजपा नेता विजय मिश्र उर्फ गुरुजी ने इन घटनाओं को विपक्ष की साजिश करार दिया है। उनका दावा है कि यह साजिश बाहरी विपक्षियों की नहीं, बल्कि अपनी ही पार्टी के कुछ नेताओं और पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों की है, जो मुख्यमंत्री योगी के विरोधी हैं।

गुरुजी ने कहा कि जिस सरकार ने बड़े-बड़े अपराधियों का सफाया कर उन्हें मिट्टी में मिला दिया, उसमें छोटे-मोटे चोरों की इतनी हिम्मत नहीं हो सकती। उन्होंने इसे आस्तीन के सांपों की करतूत बताया, जो पार्टी और सरकार की छवि खराब करने में लगे हैं। गुरुजी ने घोषणा की कि वे जल्द ही इस मामले को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष उठाएंगे और दोषियों को बेनकाब करेंगे।

उन्होंने जनता से अपील की कि वे डरें नहीं और साहस दिखाते हुए चोरों को पकड़कर पुलिस के हवाले करें। गुरुजी ने कहा कि जनता का सहयोग और सतर्कता ही इस साजिश को नाकाम कर सकती है। साथ ही, उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ड्रोन की घटनाओं की गहन जांच की जाए ताकि इसके पीछे की सच्चाई सामने आए।

इन घटनाओं ने न केवल आम जनमानस में असुरक्षा की भावना पैदा की है, बल्कि सरकार की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। स्थानीय लोग रात में ड्रोन देखकर चिंतित हैं और चोरी की घटनाओं ने उनके विश्वास को डगमगाया है।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।