रायपुर, 7 अक्टूबर 2025। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के क्षेत्रीय कार्यालय, रायपुर में मंगलवार को क्षेत्रीय विज्ञान केंद्र, मोवा रोड, रामपुर में प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। दो दिवसीय दौरे पर आए मुख्य लेखा नियंत्रक विनोद कुमार अग्रवाल ने कार्यक्रम को संबोधित किया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के उपसचिव राजीव अहीर, क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त जयवदन इंगले, सहायक आयुक्त सुधांशु निकेतन मिश्रा और आईआईटी, आईआईएम, विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। विनोद कुमार अग्रवाल ने प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना की उपलब्धियों और कौशल योजना की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि 99,946 करोड़ रुपये के बजट वाली इस योजना से 3.5 करोड़ युवाओं को पहला रोजगार प्राप्त करने पर प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
नियोक्ताओं को भी डीबीटी के माध्यम से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। जयवदन इंगले ने प्रश्नोत्तरी सत्र में श्रोताओं की शंकाओं का समाधान किया, जबकि सुधांशु निकेतन मिश्रा ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के जरिए योजना के लाभों को रेखांकित किया। कार्यक्रम में विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक प्रशांत कवीश्वर, वसीम रजा, अखिलेश और एम. के. बेग भी मौजूद रहे।
अंत में, जयवदन इंगले ने छत्तीसगढ़ विज्ञान केंद्र और सभी उपस्थित लोगों का धन्यवाद देते हुए नियोक्ताओं से योजना का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। यह कार्यक्रम रोजगार और कौशल विकास को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।














