रायपुर, 17 अक्टूबर 2025। हिंदू संघर्ष समिति की राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए डॉ. शिवनारायण द्विवेदी को छत्तीसगढ़ राज्य इकाई के अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है, जिससे संगठन में उत्साह की लहर दौड़ गई।
राष्ट्रीय महामंत्री अनूप पांडेय ने नियुक्ति पत्र जारी करते हुए कहा, डॉ. शिवनारायण द्विवेदी का जीवन राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और संगठन के प्रति समर्पण का जीवंत उदाहरण है। उनका नेतृत्व छत्तीसगढ़ में समिति के कार्यों को नई दिशा व गति प्रदान करेगा। अनूप पांडेय ने आगे बताया कि छत्तीसगढ़ हमेशा से ऊर्जावान कार्यकर्ताओं की भूमि रहा है। डॉ. द्विवेदी के नेतृत्व में यह ऊर्जा राष्ट्र के व्यापक हित में संगठित प्रयासों में बदल जाएगी।
उन्होंने जोर देकर कहा, हमारा हर कार्यकर्ता संगठन की एक-एक इकाई को सशक्त बनाने के लिए संकल्पित है। सनातन मूल्यों की रक्षा और हिंदू एकता को मजबूत करना हमारा मूल मंत्र है। पांडेय ने राज्य में चल रहे धार्मिक उत्थान अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि डॉ. द्विवेदी के अनुभव से ये अभियान और प्रभावी होंगे।
नव-नियुक्त अध्यक्ष डॉ. शिवनारायण द्विवेदी ने अपनी प्रतिक्रिया में भावुक होते हुए कहा, यह पद मेरे लिए केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का स्वर्णिम अवसर है। समिति के आदर्शों, सनातन मूल्य प्रणाली और संगठनात्मक अनुशासन को सर्वोपरि रखते हुए, मैं छत्तीसगढ़ इकाई को नई ऊंचाइयों तक ले जाऊंगा। उन्होंने कार्ययोजना साझा की, ग्रामीण स्तर पर जागरूकता शिविर, युवा प्रशिक्षण और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा पर विशेष फोकस रहेगा।
इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने डॉ. द्विवेदी को शुभकामनाएं दीं। सभी ने हिंदू राष्ट्र की स्थापना हेतु अखंड प्रयत्न का संकल्प दोहराया।














