• Home
  • छत्तीसगढ़
  • अवाम-ए-हिन्द ने बांटी दीपावली की खुशियां, जरूरतमंदों को दिए कपड़े-मिठाई और फल
अवाम-ए-हिन्द ने बांटी दीपावली की खुशियां, जरूरतमंदों को दिए कपड़े-मिठाई और फल

अवाम-ए-हिन्द ने बांटी दीपावली की खुशियां, जरूरतमंदों को दिए कपड़े-मिठाई और फल

रायपुर, 19 अक्टूबर 2025। धनतेरस और दीपावली के शुभ अवसर पर राजधानी रायपुर में सर्वधर्म सामाजिक संस्था अवाम-ए-हिन्द सोशल वेलफेयर कमेटी ने मानवता और सौहार्द का सुंदर उदाहरण पेश किया। संस्था ने शनिवार, 18 अक्टूबर को डीकेएस अस्पताल में भर्ती निर्धन मरीजों और उनके परिजनों के बीच दीपावली की खुशियां बांटते हुए नए कपड़े, मिठाई, तेल दिया बाती, मिष्ठान, फल और आवश्यक सामग्री वितरित की।

संस्था के संस्थापक मो. सज्जाद खान ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को धनतेरस और दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सिर्फ घर-आंगन में दीप जलाने का नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में भी खुशियों की रौशनी फैलाने का संदेश देता है। उन्होंने बताया कि संस्था का उद्देश्य उन लोगों तक पहुंचना है जो इलाज के कारण अपने घर से दूर हैं और त्यौहार अपने परिवार के साथ नहीं मना सकते। ऐसे लोगों को नए कपड़े, मिठाई, नगद राशि और उपयोगी सामान देकर संस्था ने उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी।

सज्जाद खान ने कहा, हमारा मकसद है कि कोई भी व्यक्ति समाज की खुशियों से वंचित न रहे। दीपावली सबकी है अमीर की भी, गरीब की भी। जब हम दूसरों की मदद करते हैं, तभी असली दीपावली होती है।

इस सेवा कार्य में संस्था के कई पदाधिकारी और सदस्य सक्रिय रूप से शामिल रहे। इनमें राजेंद्र शर्मा, ज़ुबैर खान, महावीर जैन, प्रीति जैन, राजकुमार साहू, सलमा बेगम, मोतीचंद जैन, कुलविंदर सिंह सहित अन्य सदस्यों ने मिलकर अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों को सामग्री वितरित की।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने दीप जलाकर मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और समाज में आपसी प्रेम, एकता और सहयोग का संदेश दिया। संस्था द्वारा किए गए इस मानवीय प्रयास की अस्पताल प्रशासन और उपस्थित लोगों ने सराहना की।