• Home
  • यूपी
  • काशी की बेटी अंजली पांडेय को लंदन में मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान
काशी की बेटी अंजली पांडेय को लंदन में मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान

काशी की बेटी अंजली पांडेय को लंदन में मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान

वाराणसी, 21 नवंबर 2025। काशी की पावन भूमि से निकलीं उद्यमी अंजली पांडेय को लंदन के हाउस आॅफ कॉमन्स, वेस्टमिंस्टर में आयोजित भव्य अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में प्रतिष्ठित पुरस्कार से नवाजा गया। स्वास्थ्य एवं सामाजिक सेवा क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान को देखते हुए यह सम्मान उन्हें प्रदान किया गया। पूर्व ब्रिटिश सांसद वीरेंद्र शर्मा ने स्वयं अंजली पांडेय को यह पुरस्कार सौंपा।

कार्यक्रम में प्रसिद्ध मार्केटिंग गुरु सुहेल सेठ सहित कई अंतरराष्ट्रीय हस्तियां मौजूद रहीं। यह सम्मेलन नचिकेत जोशी द्वारा शुरू किया गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य भारत और भारतीय मूल के लोगों द्वारा विश्व स्तर पर किए जा रहे प्रेरणादायक कार्यों को वैश्विक मंच पर सम्मानित करना है।

सेंट जॉन्स माढ़ौली स्कूल, वाराणसी से अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त करने वाली अंजली पांडेय ने पुरस्कार ग्रहण करते हुए भावुक क्षणों में कहा, यह मेरे लिए जीवन का सबसे गर्व भरा पल है। मैं यह सम्मान अपनी मां-बाप को, वाराणसी की पवित्र भूमि को और यहां मिली मूल्य-आधारित परवरिश को समर्पित करती हूं। काशी ने मुझे जो संस्कार और दिशा दी, वही आज मेरी सबसे बड़ी पूंजी है।

अंजली ने आगे कहा कि बनारस की गलियों में खेलते-बढ़ते हुए जो संस्कार मिले, वही आज उन्हें दुनिया के किसी भी मंच पर डटकर खड़े होने की ताकत देते हैं। लंदन के इस प्रतिष्ठित मंच से मिला सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि वाराणसी और पूरे भारत के लिए भी गौरव का विषय है।