प्रतापगढ़, 23 दिसम्बर 2025। पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है कि प्रतापगढ़ के 1148 गांव में पंचायत चुनाव की वोटर लिस्ट तैयार हो गयी है। अगर किसी को कुछ सुधार करवाना हो या फिर किसी को कई आपत्ति है तो इसके लिए 30 दिसंबर तक का समय दिया गया है।
अपर जिला मजिस्ट्रेट/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी आदित्य प्रजापति ने बताया कि जिले के अन्तर्गत समस्त तहसील यथा सदर, कुण्डा, लालगंज, पट्टी, रानीगंज के अन्तर्गत 17 विकास खण्डों क्रमशः मानधाता, सदर, सण्ड़वा चन्द्रिका, लालगंज, लक्ष्मणपुर, सांगीपुर, रामपुर संग्रामगढ़, बाबागंज, कुण्डा, बिहार, कालाकांकर, गौरा, शिवगढ़, बाबा बेलखरनाथधाम, पट्टी, आसपुर देवसरा एवं मंगरौरा की समस्त 1148 ग्राम पंचायतो के प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचकगण उत्तर प्रदेश पंचायत राज (निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण) नियमावली 1994 के अनुसार निर्वाचक नामावली तैयार हो गयी है। इसकी एक प्रति तहसील कार्यालय, खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय एव बीएलओ के पास निरीक्षण के उपलब्ध है।
कोई भी व्यक्ति निर्वाचक नामावली का कार्यालय समय में निरीक्षण कर सकता है। उन्होने बताया है कि यदि नामावली में किसी नाम के सम्मिलित किये जाने के लिये कोई दावा अथवा किसी प्रकार के अन्य विवरणों के सम्बन्ध में कोई संशोधन अपेक्षित हो अथवा सम्मिलित किसी नाम के सम्बन्ध में कोई आपत्ति हो तो उसे 30 दिसम्बर को या उससे पूर्व प्रपत्र-2, 3 व 4 में जो भी उपयुक्त हो दाखिल किया जाये। प्रत्येक ऐसा दावा या आपत्ति तहसील कार्यालय, खण्ड विकास अधिकारी के कार्यालय या बीएलओ को निर्धारित दिनांक तक प्रस्तुत किया जा सकता है।















