रायपुर, 15 फरवरी 2025। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ नगर निगम चुनाव में भाजपा ने बड़ी जीत दर्ज की है। भाजपा उम्मीदवार जीवर्धन सिंह चौहान, जो चाय की दुकान चलाते हैं, ने कांग्रेस प्रत्याशी जानकी काटजू को 56,311 वोटों के भारी अंतर से हराकर महापौर पद पर कब्जा जमाया। कांग्रेस प्रत्याशी को 21,946 वोट मिले, जबकि 954 वोट नोटा में पड़े। इस जीत के साथ ही रायगढ़ नगर निगम में भाजपा की सत्ता में वापसी हुई है।
जीवर्धन सिंह चौहान रायगढ़ में चाय की दुकान चलाते हैं और स्थानीय स्तर पर काफी लोकप्रिय हैं। चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय उनकी दुकान पर गए थे और अपने हाथों से चाय बनाकर चर्चा का विषय बन गए थे। यह चुनाव भाजपा के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई थी, जहां राज्य के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने पूरी ताकत झोंक दी थी।
भाजपा ने इस बार अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री जीवर्धन सिंह चौहान को उम्मीदवार बनाया था। वे 2004-05 में भाजयुमो के नगर मंत्री रहे, 2010 में एल्डरमैन का पद संभाला और लंबे समय से भाजपा के सक्रिय सदस्य हैं।
कांग्रेस ने इस चुनाव में पूर्व मेयर जानकी काटजू को प्रत्याशी बनाया था। वे पहले पार्षद रह चुकी हैं और 2020 में रायगढ़ नगर निगम की पहली महिला मेयर बनी थीं। लेकिन इस चुनाव में उन्हें भाजपा प्रत्याशी के सामने करारी हार झेलनी पड़ी।
जीवर्धन सिंह चौहान की ऐतिहासिक जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। रायगढ़ में भाजपा की इस शानदार जीत को वित्त मंत्री ओपी चौधरी की रणनीति और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व की सफलता के रूप में देखा जा रहा है।