गौरा (प्रतापगढ़)। रक्षा बंधन के पावन अवसर पर रानीगंज थाना में एकल अभियान की आचार्य बहनों ने कथा वाचिका सुश्री नंदिनी पांडेय की अगुवाई में ने पहुंचकर ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों को राखी बांधी और अपना स्नेह एवं आशीर्वाद प्रदान किया। इस दौरान सभी ने पारस्परिक भाईचारे, सम्मान और सौहार्द का संदेश देते हुए पर्व की खुशियां साझा कीं।
थाना रानीगंज के प्रभारी निरीक्षक प्रभात कुमार सिंह ने उपस्थित बहनों और बालिकाओं का स्वागत करते हुए उनकी इस सराहनीय पहल की प्रशंसा की। उन्होंने थाना रानीगंज, जनपद प्रतापगढ़ की ओर से प्रत्येक बहन को उपहार भेंट कर सम्मानित किया।
प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि रक्षा बंधन जैसे त्यौहार पुलिस और आमजन के बीच विश्वास, सुरक्षा और आपसी सहयोग को और मजबूत बनाने का कार्य करते हैं। ऐसे अवसर सामाजिक समरसता और सौहार्द की मिसाल पेश करते हैं।
इस कार्यक्रम में थाना स्टाफ के साथ ही क्षेत्र के गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। सभी ने इस पहल को पुलिस और जनता के बीच रिश्तों को मजबूत करने वाला कदम बताया।

















