अभिनेत्री हिरनमयी दास का छत्तीसगढ़ी सिनेमा में धमाकेदार डेब्यू
रायपुर, 2 जुलाई 2025। उड़िया सीरियल्स से अभिनय की दुनिया में कदम रखने वाली प्रतिभाशाली अभिनेत्री हिरनमयी दास ने छत्तीसगढ़ी सिनेमा में अपनी पहचान बनाई है। उनकी पहली छत्तीसगढ़ी फिल्म तोर संग मया लागे में मुख्य नायिका की भूमिका निभाकर उन्होंने दर्शकों का ध्यान खींचा है।
यह फिल्म 11 जुलाई 2025 को छत्तीसगढ़ के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, और हिरनमयी इस नए सफर को लेकर बेहद उत्साहित हैं। हिरनमयी ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत उड़िया टेलीविजन सीरियल्स से की थी, जहां उनकी सहजता और अभिनय कौशल ने दर्शकों का दिल जीता।
अब छत्तीसगढ़ी सिनेमा में उनकी एंट्री ने क्षेत्रीय फिल्म उद्योग में एक नई हलचल पैदा कर दी है। तोर संग मया लागे फिल्म में हिरनमयी के किरदार को दर्शकों से खूब सराहना मिलने की उम्मीद है। हिरनमयी का कहना है कि इस फिल्म में काम करना उनके लिए एक अनूठा अनुभव रहा।
उन्होंने बताया, छत्तीसगढ़ी संस्कृति और भाषा को करीब से समझने का मौका मिला। यह फिल्म मेरे दिल के बहुत करीब है। हिरनमयी की प्रतिभा और आत्मविश्वास ने उन्हें न केवल क्षेत्रीय सिनेमा में, बल्कि हिंदी और अन्य भाषाओं की फिल्मों के लिए भी प्रस्ताव मिलेंगे। उन्होंने कहा, अगर मुझे हिंदी या अन्य भाषाओं की फिल्मों में अच्छी भूमिका मिलती है, तो मैं उसे सहर्ष स्वीकार करूंगी।
मेरा सपना है कि मैं अपने अभिनय से दर्शकों के दिलों में जगह बनाऊं। उनकी यह महत्वाकांक्षा और मेहनत उन्हें फिल्मी दुनिया में एक उभरता सितारा बना रही है। तोर संग मया लागे के निर्माता और निर्देशक भी हिरनमयी के अभिनय की तारीफ कर रहे हैं। फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है, और इसे छत्तीसगढ़ी सिनेमा के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।













