• Home
  • यूपी
  • हमारी सरकार बनी तो महिलाओं को देंगे 40 हजार की सम्मान राशि : अखिलेश यादव
हमारी सरकार बनी तो महिलाओं को देंगे 40 हजार की सम्मान राशि : अखिलेश यादव

हमारी सरकार बनी तो महिलाओं को देंगे 40 हजार की सम्मान राशि : अखिलेश यादव

लखनऊ, 22 मार्च 2026। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के सरकार बनने पर पुन: समाजवादी पेंशन शुरू की जाएगी। महिलाओं को विशेष सम्मान देकर नारी समृद्धि सम्मान योजना में हर साल 40 हजार रुपये देंगे। महिलाओं के लिए पहले की समाजवादी पेंशन योजना फिर चलाई जाएगी। साथ ही 40 हजार रुपये विशेष सम्मान राशि देंगे।

प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी में कानून-व्यवस्था की हत्या हो गई है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के क्षेत्र में भी खुलेआम हत्याएं हो रही हैं। भाजपा सरकार पुलिस से राजनीतिक काम लेगी तो कानून-व्यवस्था कभी नहीं ठीक हो सकती है। भाजपा सरकार में हथेली गरम, पुलिस नरम की स्थिति है।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रदेश सपा मुख्यालय पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि गोरखपुर की घटना को लेकर भाजपा के ही सांसद राधामोहन दास अग्रवाल ने कहा कि हत्यारों को बचाया गया तो राज्यसभा में नंगा कर देंगे। आखिर कौन दोषी है। वाराणसी में छात्र की खुलेआम हत्या हो गई। बदायूं की घटना में मां ने बताया कि कई बार शिकायत की गई थी कि जान को खतरा है लेकिन सुनवाई नहीं हुई। मथुरा में संत की हत्या हो गई। झांसी में भाजपा नेताओं ने गैस सिलेंडर का ट्रक गायब कर दिया। मुकद्दर का सिलिंडर जैसी स्थिति हो गई है। संयोग से ही रसोई गैस मिल पा रही है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने किया पलटवार

सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया पर लिखा- सपा वाले अभी सत्ता से बाहर हैं, इसलिए चांद तारे तोड़कर लाने का भी वादा कर सकते हैं। जब इनकी सरकार थी तब कुछ नहीं किए।

और महिलाओं को सशक्त करने के बारे में सपा वाले कुछ न ही बोलें तो ही ठीक है। लोगों को हंसी आने लगती है। हर कोई जानता है कि उन लोगों के शासन में महिलाओं का सड़क पर निकलना मुश्किल था। उस वक्त छेड़छाड़ की घटनाएं इतनी आम थीं कि बहुत सारी बच्चियों ने पढ़ाई छोड़ दी थी। बहुत सारी युवा महिलाओं ने नौकरी और काम के मौके छोड़ दिए थे।

इन दंगा वालों ने माहौल कितना खराब कर रखा था, ये किसे याद नहीं? अब ये इस तरह की बातें करके किसी को ठग नहीं सकते। काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती। उत्तर प्रदेश उस दौर को नहीं भुला है।

2017 में जब इन दंगा वालों को हटाकर प्रदेश के लोग गंगा वालों को लाए, तब से माहौल बदला है। आज हमारी बहन, बेटियां खुल कर जी रहीं हैं, खूब पढ़ रही हैं, खूब आगे बढ़ रही हैं।

प्रदेश की मातृशक्ति को डबल इंजन सरकार पर पूरा भरोसा है। हमारी सरकार ने उत्तर प्रदेश और पूरे देश में महिला सशक्तिकरण के लिए ऐतिहासिक काम किए हैं। इसीलिए हम लोगों को माताओं-बहनों का आशीर्वाद हमेशा मिलता रहा है। आगे भी मिलेगा।

इनके वादों पर यही कहा जा सकता है:

सपाई अभी वादे कर रहे हवा-हवाई
कभी नहीं किए ये किसी की भलाई
सत्ता में रहकर बस खाते हैं मलाई
चुनाव के बाद नहीं पड़ेंगे दिखाई