Join US

धनतेरस पर यूपी में चमके बाजार, 24 हजार करोड़ की खरीदारी

लखनऊ, 19 अक्टूबर 2025। उत्तर प्रदेश में इस बार धनतेरस पर बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। राज्यभर में सोना-चांदी, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, रेडीमेड, गिफ्ट और मिठाई के सेक्टर में बंपर खरीदारी हुई। अनुमान के अनुसार, धनतेरस पर लगभग 24 हजार करोड़ रुपये का कारोबार हुआ, जो पिछले वर्ष के मुकाबले दोगुना से भी अधिक है। पिछले साल यह आंकड़ा करीब 10 हजार करोड़ रुपये था।

ज्वैलरी सेक्टर ने इस बार बिक्री के सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए। ज्वैलर्स ने लगभग 8000 करोड़ रुपये का सोना-चांदी बेचा, जिसमें 6500 करोड़ रुपये का सोना और 1500 करोड़ रुपये की चांदी शामिल रही। सोने और चांदी के दामों में हल्की गिरावट आने से ग्राहकों का उत्साह और बढ़ गया।

इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में भी इस बार बंपर खरीदारी देखने को मिली। टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, मोबाइल और लैपटॉप की बिक्री मिलाकर करीब 4000 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। वहीं, ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी रही। प्रदेशभर में 25,000 दोपहिया और 3000 चारपहिया वाहन बिके, जिससे कुल मिलाकर 1100 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री दर्ज की गई।

रेडीमेड वस्त्र, गिफ्ट और मिठाई बाजारों में भी ग्राहकों की भीड़ दिनभर बनी रही। रेडीमेड बाजारों में करीब 2200 करोड़ रुपये की बिक्री दर्ज की गई, जबकि मिठाई दुकानों पर भी खरीदारों की लंबी कतारें लगी रहीं।

राजधानी लखनऊ, औद्योगिक नगरी कानपुर, धार्मिक शहर वाराणसी, टेक हब नोएडा, और ऐतिहासिक आगरा व गोरखपुर में सुबह से देर रात तक बाजारों में पैर रखने तक की जगह नहीं रही।

व्यापारी संगठनों के मुताबिक, इस बार धनतेरस पर हुई रिकॉर्ड बिक्री से कारोबारियों का आत्मविश्वास बढ़ा है। उम्मीद की जा रही है कि दीपावली तक यह उत्साह बरकरार रहेगा और बाजारों की चमक लगातार बढ़ती रहेगी।