Join US

दुबछोला-चिरमिरी मार्ग चौड़ीकरण को मिली प्रशासकीय स्वीकृति, 11.84 करोड़ रुपये होंगे खर्च

रायपुर, 11 अगस्त 2026। राज्य शासन ने वर्ष 2026-27 के बजट में शामिल जिला एम.सी.बी. के दुबछोला के भुकभुकी से चिरमिरी तक मार्ग चौड़ीकरण कार्य के लिए प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस कार्य की लंबाई 3.90 किलोमीटर है और इसे 2 लेन में पुल-पुलिया सहित निर्मित किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता को जारी पत्र के अनुसार, इस कार्य के लिए वित्त विभाग की सहमति से रूपये 1184.86 लाख (ग्यारह करोड़ चौरासी लाख छियासी हजार रुपये मात्र) की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।

मनेंद्रगढ़ के स्थानीय विधायक और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने क्षेत्र के विकास के लिए इस महत्वाकांक्षी सड़क की प्रशासकीय स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरूण साव का आभार जताया है। 

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का कहना है कि इस मार्ग के चौड़ीकरण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और स्थानीय लोगों को यातायात संबंधी परेशानियों से राहत मिलेगी। इस सड़क के बनने से क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के नए रास्ते खुलेंगे। बेहतर सड़क संपर्क से बच्चों को स्कूल-कॉलेज पहुंचना आसान होगा, अस्पतालों तक मरीजों की पहुंच सुगम होगी, और क्षेत्र में व्यापार व रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। इस तरह यह मार्ग चौड़ीकरण कार्य मनेंद्रगढ़ क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।