Highlights
- रायपुर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खदानें सम्मानित
- छत्तीसगढ़ की 50 कोयला खदानों को मिली फाइव-स्टार रेटिंग
- कोयला मंत्रालय का वार्षिक पुरस्कार समारोह आयोजित
रायपुर, 3 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 2 नवंबर 2026 की शाम कोयला मंत्रालय ने वित्त वर्ष 2024-25 का वार्षिक स्टार रेटिंग पुरस्कार समारोह आयोजित किया। समारोह में देश के कोयला और लिग्नाइट खनन क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन, संचालन और उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने के स्टार रेटिंग पुरस्कार दिये गय। विभिन्न श्रेणियों की कुल 50 कोयला खदानों को फाइव-स्टार रेटिंग प्रदान की गई। एनसीएल और एनटीपीसी को ओपनकास्ट तथा एससीसीएल को भूमिगत खदान श्रेणी में पहला पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे शामिल हुए। इस अवसर पर मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कोल इंडिया लिमिटेड और उसकी सहायक कंपनियों, एनएलसी इंडिया लिमिटेड तथा सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड (एससीसीएल) के प्रतिनिधि और कोयला उद्योग से जुड़े अन्य हितधारक मौजूद रहे।
10 खदानों ने 93 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए
पुरस्कार मूल्यांकन में 50 खदानों को फाइव-स्टार रेटिंग मिली। इनमें से 10 खदानों ने अपनी-अपनी श्रेणियों में 93 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। यह उपलब्धि खनन क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए किए जा रहे प्रयासों को दर्शाती है।
ओपनकास्ट खदान श्रेणी में नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) और एनटीपीसी ने प्रथम पुरस्कार हासिल किया। वहीं, अंडरग्राउंड यानी भूमिगत खदान श्रेणी में सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड (एससीसीएल) को पहला पुरस्कार मिला।
डब्ल्यूसीएल और एमसीएल के प्रदर्शन की सराहना
कोल इंडिया की सहायक कंपनियों में सबसे अधिक फाइव-स्टार रेटिंग वाली खदानें होने पर वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (डब्ल्यूसीएल) को विशेष रूप से सराहा गया। वहीं, स्टार रेटिंग मूल्यांकन के साथ उत्पादन के मोर्चे पर भी लगातार बेहतर प्रदर्शन बनाए रखने के लिए नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड और महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एमसीएल) की प्रशंसा की गई।
स्मार्ट माइनिंग में एआई समाधान विकसित करने वालों को सम्मान
समारोह में खनन क्षेत्र में तकनीकी नवाचार को भी प्रोत्साहित किया गया। ‘नेक्स्टजेन एआई फॉर स्मार्ट माइनिंग’ विषय पर आयोजित आरएंडडी 2026 हैकथॉन के विजेताओं और उपविजेताओं को उनके नवीन समाधानों के लिए सम्मानित किया गया।
सम्मानित संस्थानों में सीएसआईआर-नीरी, नागपुर; टेक्नोवेव सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड, रांची और आईआईटी (आईएसएम), धनबाद की संयुक्त टीम; सीएसआईआर-सीएलआरआई, चेन्नई और डॉ. कल्याण सेन एंड एसोसिएट्स प्राइवेट लिमिटेड, कोलकाता की टीम शामिल रही।
इसके अलावा सीएसआईआर-सीएमईआरआई, दुर्गापुर; सी-डैक, तिरुवनंतपुरम और उनीराशपा कॉर्पोरेशन लॉर्ड टेक, रांची के कंसोर्टियम को भी उनके समाधानों के लिए सम्मानित किया गया। इन संस्थानों के साथ उनके प्रथम और द्वितीय उपविजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
रायपुर में आयोजित इस समारोह में खनन क्षेत्र के प्रदर्शन के साथ भविष्य की तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित समाधानों को भी प्रमुखता मिली। इससे स्पष्ट है कि कोयला खनन में उत्पादन के साथ तकनीकी नवाचार और बेहतर संचालन व्यवस्था पर भी ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।

