यूपी

नेकी के बदले प्रतापगढ़ में दोस्त ने युवक का छल से घोंट दिया गला

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On नवम्बर 3, 2026
2 min read • 1.2k views
बिजेन्द्र सिंह हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा

Highlights

  • बिजेन्द्र सिंह हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा
  • दोस्त ने साथी के साथ मिलकर रची थी साजिश
  • तालाबनुमा गड्ढे में छिपाया रखा था शव
  • पुलिस ने पर्स और वारदात में इस्तेमाल रस्सी बरामद की

प्रतापगढ़, 3 नवंबर 2026। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में एक युवक एक परिवार की सामाजिक इज्जत बचाने की नेकी कर रहा था। बदले में वह मौत के घाट उतार दिया गया। मामला युवक बिजेन्द्र सिंह की छल से गला घोंट कर की गयी हत्या का है। बिजेन्द्र सिंह ने सिर्फ एक गलती किया कि वह एक परिवार की युवती को प्रेमजाल में फंसाकर उस परिवार की इज्जत लूटने वालों की खिलाफत की जिसका परिणाम यह हुआ कि उन लोगों ने छल से बिजेन्द्र सिंह की गला घोंटकर हत्या कर दी।

युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, प्रेम प्रसंग का विरोध किए जाने से नाराज एक युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। दोनों ने पहले बिजेन्द्र सिंह को शराब पिलाई और फिर रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए शव को तालाबनुमा गड्ढे में मिट्टी से भरी बोरी बांधकर डुबो दिया था।

पुलिस के अनुसार, संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के प्रतापपुर चेरगढ़ गांव निवासी 24 वर्षीय बिजेन्द्र सिंह 27 अक्टूबर 2026 को खेत देखने के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने तलाश के बाद 28 अक्टूबर को गुमशुदगी दर्ज कराई। इसी रात उनका मोबाइल फोन गांव से पिपरी जाने वाले रास्ते पर नाले के पास झाड़ियों में मिला। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई थी।

2 नवंबर को बिजेन्द्र सिंह का शव गांव के ही एक तालाब में संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी के मामले को हत्या सहित अन्य धाराओं में बदलकर जांच तेज कर दी।

नेकी बनी हत्या की वजह

पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी नीरज सिंह ने कथित तौर पर बताया कि वह गांव की एक युवती से प्रेम करता था। बिजेन्द्र सिंह ने उसे युवती के साथ देख लिया था और इसकी जानकारी युवती के परिवार को दे दी थी। इससे युवती के परिजन नीरज से नाराज रहने लगे। इसी बात को लेकर नीरज बिजेन्द्र सिंह से रंजिश रखने लगा और उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

पुलिस के मुताबिक, 27 अक्टूबर को नीरज ने अपने साथी साहिल सरोज को बुलाकर हत्या की योजना बताई और बदले में रुपये देने का लालच दिया। दोनों ने शराब खरीदी और नीरज ने अपने दूसरे सिम से फोन कर बिजेन्द्र सिंह को खेत में बने मुर्गी फार्म के पास बुलाया।

पहले शराब पिलाई, फिर रस्सी से घोंटा गला

पुलिस के अनुसार, तीनों ने वहां शराब पी। आरोप है कि दोनों ने अपने गिलास में कम और बिजेन्द्र सिंह के गिलास में अधिक शराब डाली, ताकि वह नशे में हो जाए। इसके बाद खेत की बाड़ में बंधी रस्सी से उसके गले में फंदा डालकर खींचा, जिससे उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद नीरज फावड़ा और बोरी लेकर आया। दोनों आरोपी शव को उठाकर नहर के पास खेतों के बीच बने तालाबनुमा गड्ढे तक ले गए। वहां शव की कमर में मिट्टी से भरी बोरी बांधकर पानी में डुबो दिया। लौटते समय मृतक का मोबाइल और पर्स भी निकाल लिया गया।

दो अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तारी

पुलिस ने मामले में नीरज सिंह (24), निवासी चेरगढ़ और साहिल सरोज (23), निवासी महासीनपुर को गिरफ्तार किया है। नीरज को धान के खेत के पास तालाबनुमा गड्ढे के नजदीक से, जबकि साहिल को बाभन भखरी गंगा एक्सप्रेसवे पुल के पास से पकड़ा गया।

पुलिस ने साहिल के कब्जे से मृतक का पर्स, आधार कार्ड और एटीएम कार्ड बरामद किया है। इसके अलावा हत्या में इस्तेमाल रस्सी का टुकड़ा भी बरामद किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238 और 315 बढ़ाई गई हैं।

पुलिस के अनुसार, नीरज सिंह के खिलाफ वर्ष 2023 में भी संग्रामगढ़ थाने में गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है। इस कार्रवाई में थाना संग्रामगढ़ पुलिस, स्पेशल टीम और सर्विलांस टीम शामिल रही।

पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय

थाना प्रभारी संग्रामगढ़ सिद्धार्थ सिंह, उप निरीक्षक आत्माप्रसाद यादव, उप निरीक्षक अंशु सिंह सेंगर, कांस्टेबल कुलदीप यादव, कांस्टेबल बीरपाल, कांस्टेबल अवधेश यादव कांस्टेबल विजय चौहान, महिला कांस्टेबल पूजा यादव, कांस्टेबल सुयश राय, कांस्टेबल शिवम कुमार, कांस्टेबल अनिरुद्ध यादव एवं कांस्टेबल अंकित प्रभात और स्पेशल टीम के उप निरीक्षक विजेन्द्र सिंह प्रभारी स्पेशल टीम, हेड कांस्टेबल मनोज यादव, कांस्टेबल मुकेश पटेल एवं कांस्टेबल पीयूष यादव के साथ सर्विलांस सेल के हेड कांस्टेबल जितेन्द्र कुशवाहा की भूमिका सराहनीय रही।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।