यूपी

प्रतापगढ़ में सड़क पर रील बनाने और मोबाइल देखने वालों पर होगी कार्रवाई, 15 दिन चलेगा विशेष अभियान

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On नवम्बर 3, 2026
2 min read • 1.2k views
प्रतापगढ़ में सड़क पर रील बनाने और मोबाइल देखने वालों पर होगी कार्रवाई

Highlights

  • सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सीडीओ के सख्त निर्देश
  • निराश्रित गोवंश हटाने और दुर्घटना बाहुल्य स्थलों पर चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश

प्रतापगढ़, 3 नवंबर 2026। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रतापगढ़ प्रशासन ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती की तैयारी की है। वाहन चलाते समय मोबाइल पर वीडियो देखने और रील बनाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए जिले में 15 दिन का विशेष अभियान चलाया जाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई की जानकारी लेकर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।

सड़कों पर गोवंश दिखने पर तत्काल कार्रवाई

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों ने बताया कि एनएच-330 प्रयागराज-अयोध्या मार्ग पर क्षीणा बॉर्डर के पास अर्धनिर्मित टोल प्लाजा के कारण पहले दुर्घटनाओं की स्थिति बनती थी। इसकी रोकथाम के लिए संकेतक, चेतावनी बोर्ड और अन्य जरूरी कार्य कराए गए हैं।

इस पर सीडीओ ने कराए गए कार्यों के फोटोग्राफ उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़कों की नियमित सफाई कराई जाए और किनारों पर ऐसी कोई बाधा न रहे, जिससे यातायात प्रभावित हो या दुर्घटना की आशंका बढ़े।

उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि सड़क पर निराश्रित गोवंश मिलने पर संबंधित अधिशासी अधिकारी से समन्वय कर उन्हें तत्काल नजदीकी गौशाला में पहुंचाया जाए।

दुर्घटना बाहुल्य स्थलों पर लगेंगे चेतावनी बोर्ड

सीडीओ ने लोक निर्माण विभाग को ओडीआर और एमडीआर सड़कों सहित दुर्घटना बाहुल्य स्थलों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों पर संकेतक और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि वाहन चालक पहले से सतर्क हो सकें।

बैठक में ट्रांसपोर्ट यूनियन अध्यक्ष विजय सिंह ने भुपियामऊ ओवरब्रिज से नीचे उतरने वाले वाहनों के लिए समुचित व्यवस्था नहीं होने से बार-बार जाम लगने की समस्या उठाई। इस पर सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

घायल की मदद करने वाले को किया जाएगा सम्मानित

बैठक में गुड सेमेरिटन योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाने और मदद करने वाले एक व्यक्ति को चिन्हित किए जाने की जानकारी दी गई। उसे सम्मानित किया जाएगा।

सीडीओ ने आमजन से अपील की कि दुर्घटना में घायल लोगों की मदद के लिए आगे आएं और उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराने में सहयोग करें।

इसके अलावा सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित विवरण की ई-डार पोर्टल पर फीडिंग की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।

बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव, एआरटीओ ए.के. शुक्ला, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ओ.पी. चौरसिया, ट्रांसपोर्ट यूनियन अध्यक्ष विजय सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और समिति के सदस्य मौजूद रहे।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।