रायपुर, 4 जुलाई 2025। छत्तीसगढ़ डायोसिस बोर्ड आफ एजुकेशन ने 19 जून 2025 को सिविल लाइन्स थाने में उनके खिलाफ दर्ज झूठी FIR के जवाब में काउंटर FIR दर्ज कराई है। बोर्ड की अध्यक्ष राइट रेव्ह सुषमा कुमार, उपाध्यक्ष रेव्ह समीर फ्रैंकलीन और प्रवक्ता डीकन मनशीश केजू ने बताया कि यशराज सिंग, वीनू बैनेट, अजय जॉन, व्ही. नागराजू और निलिमा रॉबिन्स ने पुलिस को गुमराह कर झूठे दस्तावेजों के आधार पर यह शिकायत दर्ज कराई।
इस मामले की शिकायत उप मुख्यमंत्री व गृह मंत्री विजय शर्मा और डीजीपी से भी की गई है। बोर्ड के पदाधिकारियों ने बताया कि जिस अवधि में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाया गया, उस दौरान अजय जॉन कोषाध्यक्ष और व्ही. नागराजू स्वयं बोर्ड के सदस्य थे। नितिन लारेन्स की बोर्ड में पदाधिकारी के रूप में नियुक्ति की पुष्टि रजिस्ट्रार फर्म एंड सोसायटी के पंजीकृत दस्तावेजों से हो चुकी है, जिन्हें सिविल लाइन्स थाना प्रभारी ने जांच के लिए मंगवाया था।
आरोप है कि यशराज सिंग और उनके सहयोगियों ने सुनियोजित तरीके से सीएसपी सिविल लाइन्स के माध्यम से थाना प्रभारी पर दबाव डालकर झूठी FIR दर्ज कराई, जो संविधान के खिलाफ अपराध है। बोर्ड ने इस षड्यंत्र के खिलाफ काउंटर FIR दर्ज कराई है और छवि खराब करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
छत्तीसगढ़ डायोसिस बोर्ड आफ एजुकेशन ने स्पष्ट किया कि वे इस मामले में पूरी पारदर्शिता के साथ हैं और सभी दस्तावेज वैध हैं। बोर्ड ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच की अपील की है ताकि सच सामने आए और दोषियों पर कार्रवाई हो।













