Join US

साइबर ठगी के हर पैंतरे से नागरिकों को सावधान कर रही छत्तीसगढ़ पुलिस

रायपुर, 20 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी के नए-नए तरीकों से बचाने के लिए पुलिस का ‘साइबर जागृति अभियान’ जारी है। 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चल रहे प्रदेशव्यापी अभियान के तहत रायपुर पुलिस ने व्यापारिक, औद्योगिक, सामाजिक और परिवहन संगठनों के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर साइबर अपराधों से बचाव और जागरूकता को लेकर चर्चा की।

सिविल लाइंस स्थित सी/04 भवन के सभाकक्ष में आयोजित बैठक की अध्यक्षता पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने की। उन्होंने विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों को वर्तमान समय में सामने आ रहे साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों की जानकारी देते हुए सतर्क रहने की अपील की।

डिजिटल अरेस्ट के नाम पर हो रही ठगी

पुलिस कमिश्नर ने विशेष रूप से डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन निवेश के नाम पर धोखाधड़ी, फर्जी कस्टमर केयर, ओटीपी और बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया ठगी, यूपीआई फ्रॉड तथा पुलिस या सरकारी अधिकारी बनकर की जाने वाली ठगी से सावधान रहने को कहा।

उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी लगातार नए तरीके अपना रहे हैं और किसी भी व्यक्ति की छोटी-सी लापरवाही उसे आर्थिक नुकसान पहुंचा सकती है। ऐसे में साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय जागरूकता और सतर्कता है।

ये डिटेल किसी से साझा न करें

पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम/डेबिट कार्ड की जानकारी, बैंक खाते का विवरण, यूपीआई पिन, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने और सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से भी बचने की सलाह दी गई।

पुलिस कमिश्नर ने संगठनों के पदाधिकारियों से कहा कि वे अपने संस्थानों, प्रतिष्ठानों, कर्मचारियों, सदस्यों और आम नागरिकों तक साइबर सुरक्षा से जुड़े संदेश पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि पुलिस और समाज की संयुक्त भागीदारी से ही साइबर ठगी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

व्यापारिक संगठनों से मांगा सहयोग

बैठक में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने ‘साइबर जागृति अभियान’ में सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया। पुलिस कमिश्नर ने साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता फैलाने में सहयोग करने वाले संगठनों और प्रतिनिधियों की सराहना की।

बैठक में कैट एवं रायपुर ऑटो डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अमर परवानी, चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश थोरानी, बार एसोसिएशन अध्यक्ष दिनेश देवांगन, सर्राफा एसोसिएशन अध्यक्ष हरम भगतानी, जवाहर बाजार व्यापारी संघ अध्यक्ष सुभाष बजाज, क्रेडाई अध्यक्ष मृणाल गोलछा, पंडरी कपड़ा मार्केट व्यवसायी संघ अध्यक्ष सरल मोदी, उरला इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रतिनिधि तरल मोदी और अश्विन गर्ग, बस ओनर्स एसोसिएशन अध्यक्ष अनिल पुसदकर, आईएमए अध्यक्ष कुलदीप सोलंकी सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) डॉ. अर्चना झा, सहायक पुलिस आयुक्त स्नेहिल साहू, सतीश ठाकुर सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

परिवार और परिचितों को भी करें जागरूक

कमिश्नरेट पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों, सहकर्मियों और परिचितों को भी जागरूक करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सतर्कता और जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी हथियार है।