रायपुर, 20 अगस्त 2026। रायपुर शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने और व्यापारिक क्षेत्रों में सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए आयोजित ‘ट्रैफिक हैकाथॉन-2026’ के तहत गुरुवार को सी-4 पुलिस कंट्रोल रूम, सिविल लाइन्स में परामर्श समीक्षा बैठक हुई। रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला की अध्यक्षता में हुई। बैठक में छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के नेतृत्व में विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर कई व्यावहारिक सुझाव दिए।
बैठक में चेंबर अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि शहर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए कड़े लेकिन व्यावहारिक कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट व्यवसाय को शहर के बाहर पूरी तरह स्थानांतरित किया जाए तो शहर की आधी ट्रैफिक समस्या स्वत: समाप्त हो सकती है। इसके साथ ही प्रमुख बाजारों में मल्टी-लेवल पार्किंग का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने और नो-पार्किंग जोन का स्पष्ट चिह्नांकन करने की जरूरत है।
लोडिंग-अनलोडिंग के लिए तय हो समय
चेंबर प्रतिनिधियों ने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में माल की लोडिंग-अनलोडिंग के लिए व्यावहारिक समय निर्धारित करने का सुझाव दिया। उनका कहना था कि पीक आवर्स में मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण से बाजारों में लगने वाले जाम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
व्यस्त बाजारों में पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए ट्रैफिक पुलिस की संख्या बढ़ाने तथा एआई आधारित आधुनिक तकनीक से यातायात नियंत्रण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। व्यापारिक संगठनों ने कहा कि सुव्यवस्थित यातायात न केवल नागरिकों को राहत देगा, बल्कि शहर की छवि बेहतर करने के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी गति देगा।
17 सितंबर तक दें ऑनलाइन सुझाव
सतीश थौरानी ने कहा कि छत्तीसगढ़ चेंबर पुलिस प्रशासन की इस अभिनव पहल का पूर्ण समर्थन करता है। उन्होंने व्यापारियों और शहर के प्रबुद्ध नागरिकों से अपील की कि वे 17 सितंबर 2026 तक ‘ट्रैफिक हैकाथॉन-2026’ में ऑनलाइन माध्यम से अपने नवाचारी सुझाव जरूर दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि शहर की यातायात समस्या का स्थायी समाधान जनभागीदारी और आधुनिक तकनीक के बेहतर इस्तेमाल से ही संभव है।
बैठक में पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने चेंबर द्वारा दिए गए सुझावों को गंभीरता से लेते हुए उन पर त्वरित अमल का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सुगम और सुरक्षित यातायात शहर की जीवनरेखा है। ट्रैफिक हैकाथॉन का उद्देश्य आम जनता और व्यापारिक जगत की वास्तविक समस्याओं को समझकर तकनीक तथा जनभागीदारी के माध्यम से उनके स्थायी समाधान तलाशना है। उन्होंने कहा कि व्यापारिक संगठनों के सुझाव यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और पुलिस प्रशासन व्यापारियों व नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखकर आवश्यक कदम उठाएगा।
बैठक में चेंबर के पदाधिकारियों के साथ ट्रांसपोर्ट, पान व्यापारी, परचून ट्रांसपोर्ट, गुरुनानक मार्केट शारदा चौक, महात्मा गांधी मार्ग, मालवीय रोड, डुमरतराई व्यापारी कल्याण महासंघ, रविभवन व्यापारी संघ, मर्चेंट एसोसिएशन और रायपुर ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
ये व्यापारी नेता भी मौजूद रहे
इस अवसर सतीश थौरानी के साथ प्रमुख रुप से सलाहकार-सरल मोदी, गुरजीत सिंह संधु, चंदर विधानी, वाइस चेयरमेन चेतन तारवानी, कार्यकारी अध्यक्ष- राधाकिशन सुन्दरानी, राजेश वासवानी, जसप्रीत सिंह सलूजा, कार्यकारी महामंत्री कपिल दोशी, उपाध्यक्ष-लोकेश चंद्रकांत जैन, टी.श्रीनिवास रेड्डी, दिलीप इसरानी, राजकुमार राठी, मनीष प्रजापति, अमरदास खट्टर,महेन्द्र कुमार बागरोड़िया, तेज कुमार बजाज, जितेन्द्र शादीजा, मंत्री-भरत पमनानी, प्रशांत गुप्ता, कांति पटेल, जतिन नचरानी, आलोक शर्मा, ट्रांसपोर्ट चेम्बर अध्यक्ष हरचरण सिंह साहनी, छत्तीसगढ़ पान व्यापारी संघ अध्यक्ष दिलीप पंसारी, छत्तीसगढ़ परचून ट्रांसपोर्ट संघ महामंत्री कमल किशोर गोलछा, गुरूनानक मार्केट शारदा चैक व्यापारी संघ अध्यक्ष दर्शन निहाल, महात्मा गांधी मार्ग व्यापारी संघ अध्यक्ष संजय जादवानी, मालवीय रोड व्यापारी संघ अध्यक्ष तरल मोदी, डुमरतराई व्यापारी कल्याण महासंघ अध्यक्ष प्रेम पाहुजा, रविभवन व्यापारी संघ अध्यक्ष जय कुमार नानवानी, नानवानी, मर्चेंट एसोसियेशन अध्यक्ष सतीश कुमार जैन, रायपुर आटोमोबाईल डीलर्स एसो. अध्यक्ष रविन्द्र भसीन, सदस्य-हरख मालू, अजय अग्रवाल सहित अनेक व्यापारिक संघों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
