रायपुर, 17 जुलाई 2026। पूज्य सिविल लाइंस सिंधी पंचायत की कार्यकारिणी की बैठक में समाज सेवा, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में पंचायत के संरक्षक, पार्षद एवं एमआईसी सदस्य अमर गिदवानी का पुष्पगुच्छ, शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया।
साथ ही उनके जन्मदिन के अवसर पर केक काटकर शुभकामनाएं भी दी गईं। बैठक में निर्णय लिया गया कि पंचायत द्वारा समाज के मेधावी एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक और साहित्यिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को भी सम्मानित कर प्रोत्साहित किया जाएगा।
मानसून को देखते हुए पंचायत ने जरूरतमंद मजदूरों, सब्जी विक्रेताओं, ठेला एवं गुमटी संचालकों को नि:शुल्क छतरियों का वितरण करने का निर्णय लिया है। वहीं पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत ग्राम गोदवारा, अमलेश्वर एवं भाटा में सुरक्षित स्थानों पर वृक्षारोपण किया जाएगा। पंचायत ने पौधों के संरक्षण और उनकी देखरेख की जिम्मेदारी भी स्वयं उठाने का फैसला किया है।
बैठक में आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रायगढ़ बाड़ा में ध्वजारोहण कर बूंदी एवं सेव वितरण करने का भी निर्णय लिया गया। इसके अलावा विमतारा हॉल में धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से माता की चौकी का आयोजन किया जाएगा।
पंचायत के अध्यक्ष संजय जयसिंग एवं महासचिव मोहन वर्ल्याणी ने कहा कि संगठन समाज सेवा, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, संस्कृति और जरूरतमंदों की सहायता के लिए लगातार जनकल्याणकारी गतिविधियां संचालित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
बैठक में जय आर्य, दीपक खेमानी, सुशील दरीरा, विशाल नारंग, पप्पू दुल्हानी, शैलेंद्र नेनानी, राजेश गिदवानी, कमल वाधवा, नरेश पींजानी, संजय माखीजा, धनेश मटलानी सहित बड़ी संख्या में पंचायत के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। मीडिया प्रभारी जतिन नचरानी ने बैठक की जानकारी दी।
