रायपुर, 10 जून 2026। प्रोफेसर कॉलोनी, सेक्टर-1 स्थित ए.के. डांस एकेडमी द्वारा रविवार को एक भव्य डांस प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
प्रतियोगिता तीन ग्रुपों में आयोजित की गई। ग्रुप-1 में प्रथम पुरस्कार प्रथम साहू को, द्वितीय पुरस्कार आद्या रोहित शर्मा को तथा तृतीय पुरस्कार पारुल महंत को मिला। ग्रुप-2 में प्रथम स्थान शैली महंत ने प्राप्त किया, जबकि द्वितीय पुरस्कार अनन्या चौधरी तथा तृतीय पुरस्कार रानू प्रधान को प्रदान किया गया।
ग्रुप-3 में शिवांगी वर्मा, बीना कौशिक, ममता तिवारी, हेमलता, प्रतिभा पाल, गायत्री नाविक, कृष्णा कुर्रे, स्वाति शुक्ला और सुमन तंबोली सहित कई प्रतिभागियों ने अपनी शानदार डांस प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। सभी बच्चों ने मंच पर उमंग और आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन किया, जिसकी उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहना की।
कार्यक्रम में निर्णायक मंडल की भूमिका नम्रता शर्मा एवं ऋषभ शर्मा ने निभाई। उन्होंने निष्पक्ष एवं उत्कृष्ट मूल्यांकन कर सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया। प्रतियोगिता के कोरियोग्राफर अरविंद यादव एवं सृष्टि सोनकर रहे, जिनके कुशल मार्गदर्शन में बच्चों ने बेहतरीन प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का संचालन तामेश वर्मा द्वारा किया गया।
ए.के. डांस एकेडमी की संचालिका डॉ. प्रियंका पाल ने सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों, निर्णायकों, अतिथियों एवं सहयोगी सदस्यों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, इस आयोजन की सफलता सभी के सहयोग और बच्चों के उत्साह का परिणाम है। ए.के. डांस एकेडमी भविष्य में भी बच्चों और युवाओं की छुपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करती रहेगी तथा नृत्य कला को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी।
