रायपुर में मिनी इंडिया पावर लिफ्टिंग 12 जून से, एमएलए सुनील सोनी करेंगे शुभारंभ

रायपुर, 10 जून 2026। जिला बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन एवं छत्तीसगढ़ पावर लिफ्टिंग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में 12 से 14 जून तक मिनी इंडिया पावर लिफ्टिंग एवं बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता सुंदर नगर गेट के सामने कुर्मी छात्रावास भवन में आयोजित होगी।

छत्तीसगढ़ बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन के महासचिव माणिक ताम्रकार एवं अध्यक्ष दुर्गेश साहू ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश भर के खिलाड़ी भाग लेंगे। 12 जून को उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी उपस्थित रहेंगे। विशेष अतिथि के रूप में जोन-5 अध्यक्ष अम्बर अग्रवाल एवं ब्राह्मण पारा वार्ड पार्षद अजय साहू कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।

14 जून को दोपहर 2 बजे पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को रायपुर नगर निगम की महापौर मिनल छगन चौबे पुरस्कृत करेंगी। इस अवसर पर सुंदर नगर वार्ड की पार्षद श्रीमती सरिता आकाश दुबे भी उपस्थित रहेंगी। वहीं, उसी दिन रात 10 बजे बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद बृजमोहन अग्रवाल उपस्थित रहेंगे।

विशेष अतिथि के रूप में पार्षद मनोज वर्मा (एमआईसी सदस्य), अंतरराष्ट्रीय निर्णायक बॉडी बिल्डिंग संजय शर्मा तथा महावीर व्यायाम शाला के अध्यक्ष डॉ. रेवा राम यदु शामिल होंगे। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आकर्षक पुरस्कार और प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।