छत्तीसगढ़

कैम्ब्रिज में अलौकिक शक्तियों पर अध्ययन करेंगे पं. धीरेंद्र शास्त्री

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On अक्टूबर 6, 2025
1 min read • 1.2k views
कैम्ब्रिज में अलौकिक शक्तियों पर अध्ययन करेंगे पं. धीरेंद्र शास्त्री

रायपुर, 6 अक्टूबर 2025। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में इन दिनों बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा का आयोजन जोर-शोर से चल रहा है। हजारों की संख्या में श्रद्धालु उनकी कथा सुनने पहुंच रहे हैं। अपनी ओजस्वी वाणी और चमत्कारिक शक्तियों के लिए प्रसिद्ध पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कथा के दौरान एक बड़ा ऐलान किया है। मीडिया से मुलाकात में उन्होंने कहा कि वे जल्द ही विश्व प्रसिद्ध कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में अलौकिक शक्तियों पर अध्ययन करने जाएंगे।

पंडित शास्त्री ने कहा, आज के समय में मान्यता तभी मिलती है, जब किसी विषय का अध्ययन विदेशों में किया जाए। इसलिए, मैं कैम्ब्रिज जाकर अलौकिक शक्तियों और आध्यात्मिक विज्ञान पर शोध करूंगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि इस अध्ययन के बाद वे विदेशों में भी अपने दरबार का आयोजन करेंगे, ताकि भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिकता का वैश्विक स्तर पर प्रचार-प्रसार हो सके।

भूत-प्रेत और दुष्ट शक्तियों के विषय पर चर्चा करते हुए शास्त्री ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि 8 देशों की अपनी यात्राओं के दौरान उन्होंने दुष्ट शक्तियों से निपटने के कई अनुभव प्राप्त किए। इस संदर्भ में उन्होंने आक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के पैरा नॉर्मल सेंटर का उल्लेख किया, जहां ऐसी शक्तियों पर वैज्ञानिक दृष्टिकोण से अध्ययन होता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में इन विषयों पर गहरा ज्ञान है, लेकिन इसे वैश्विक मंच पर वैज्ञानिक आधार के साथ प्रस्तुत करने की आवश्यकता है।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।