रायपुर, 23 जुलाई 2024। देश के सुप्रसिद्ध साइबर एक्सपर्ट डॉ. रक्षित टंडन छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचे। उन्होंने बताया कि एआई अच्छा सेवक है, लेकिन बुरा स्वामी भी हो सकता है। यहां के प्रसिद्ध राजकुमार कालेज में आयोजित साइबर सुरक्षा कार्यशाला में उन्होंने छात्र-छात्राओं को शिक्षकों को साइबर सुरक्षा का पाठ पढ़ाया। यहां उन्होंने जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार और आनलाइन सुरक्षा के बारे में गहन जानकारी दी।
डॉ. टंडन ने डिजिटल डाइट, डिजिटल हाइजीन और डिजिटल क्वोशंट के बारे में समझाया। उन्होंने सोशल मीडिया के संयमित उपयोग और स्क्रीन टाइम प्रबंधन पर जोर दिया। उन्होंने गेमिंग और मीडिया की लत के खतरों के प्रति जागरूक किया। साथ ही वास्तविक घटनाओं और समाचार कतरनों के माध्यम से लापरवाह इंटरनेट के उपयोग से होने वाले जोखिमों के बारे में बताया।
डॉ. रक्षित टंडन ने दी ये हिदायतें
- कभी भी किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, चाहे वह किसी भी माध्यम से ही क्यों न आया हो।
- अपने मोबाइल की फोन सेटिंग में माइक्रोफोन को बंद रखें ताकि आपकी जानकारी के बिना कोई भी आपकी बात को रिकॉर्ड न कर सके।
- व्हाट्सएप्प की सुरक्षा के लिए उन्होंने टू स्टेप वेरिफिकेशन सक्रिय करने के लिए कहा जिससे अकाउंट को हैक होने से बचाया जा सके।
- साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत मदद के लिए भारत सरकार के हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।
सतर्कता ही सबसे बड़ी सुरक्षा
कार्यशाला के समापन में डॉ. रक्षित टंडन ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि डिजिटल दुनिया में सतर्कता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे हर डिजिटल कदम को सोच-समझकर उठाएं और हर समय सावधानी बरतें।













