• Home
  • यूपी
  • प्रतापगढ़ में आशाओं पर डीएम ने फिर सुनाया पुराना जुमला
प्रतापगढ़ में आशाओं पर डीएम ने फिर सुनाया पुराना जुमला

प्रतापगढ़ में आशाओं पर डीएम ने फिर सुनाया पुराना जुमला

प्रतापगढ़, 4 नवम्बर 2025। प्रतापगढ़ में आशाओं पर डीएम ने फिर पुराना जुमला सुनाया है। यह जुमला है वर्ष में एक भी प्रसव न कराने वाली आशाओं की सेवा समाप्ति की जाये। पिछली कई बैठकों से यही जुमला दुहराया जा रहा है। कार्रवाई के नाम पर कुछ भी नहीं हो रहा है।

डीएम शिव सहाय अवस्थी ने विकास भवन सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय) की बैठक ली। बैठक में डीएम ने समस्त प्रभारी चिकित्साधिकारियों से कहा कि जिन आशाओं द्वारा 1 वर्ष में एक भी प्रसव नही कराया गया है ऐसी आशाओं की सेवा समाप्ति की कार्यवाही की जाये। नई आशाओं की भर्ती के सम्बन्ध में बताया गया कि शहरी क्षेत्र में 12 आशाओं का चयन किया गया है।

डीएम ने निर्देशित किया कि जिन आशाओं द्वारा 6 महीने या फिर 3 महीने में एक भी प्रसव नहीं कराया गया है ऐसी आशाओं से स्पष्टीकरण प्राप्त किया जाये। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य समिति की बैठक में विभिन्न योजनाओं के प्रगति की जानकारी ली और निर्देशित किया कि जिन योजनाओं में प्रभारी चिकित्साधिकारी की प्रगति खराब है उसमें सुधार लाये अन्यथा की स्थिति में सम्बन्धित के विरूद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।

सीडीओ ने समस्त प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएचसी एवं पीएचसी पर जो भी मीटिंग के रजिस्टर है उन्हे सुव्यवस्थित रखे। जननी सुरक्षा योजना के भुगतान सम्बन्धी रजिस्टर को भी अपडेट कर लें।

बैठक में जिलाधिकारी ने आयुष्मान गोल्डेन कार्ड, नियमित टीकाकरण, ई-कवच, आभा आईडी, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम, जन्म-मृत्यु, चाइल्ड डेथ, पोषण पुनर्वास केन्द्र तथा एसएनसीयू, राष्ट्रीय वेक्टर वार्न डिजिज कन्ट्रोल प्रोग्राम सहित अन्य महत्वपूर्ण बिन्दुओ की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये।

बैठक में जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग से जुड़े सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य सेवाओं तथा जनता से जुड़ी योजनाओं का बेहतर तरीके से संचालन करें, स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारी, प्रभारी चिकित्साधिकारी अपने-अपने कार्यो एवं दायित्वों के प्रति सजग रहे, दी गयी जिम्मेदारियों का शत प्रतिशत निर्वहन करें, लापरवाही कदापि न बरते।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डा. दिव्या मिश्रा, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एएन प्रसाद सहित सभी प्रभारी चिकित्साधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।