प्रतापगढ़, 8 मार्च 2026। प्रतापगढ़ में रोजगार की तलाश कर रहे शिक्षित युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिला सेवायोजन कार्यालय ने 9 और 10 मार्च को रोजगार मेले का आयोजन किया है। इस आयोजन में 2500 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस दो दिवसीय रोजगार मेले में लगभग 49 प्रतिष्ठित कंपनियां और नियोजक प्रतिभाग करेंगे।
जिला सेवायोजन अधिकारी अनुभव त्रिपाठी ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया, राजकीय आईटीआई कटरा रोड प्रतापगढ़ परिसर में यह आयोजन होगा। इस रोजगार मेले में देश की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां और कंसल्टेंसी संस्थाएं प्रतिभाग करेंगी।
इन पदों के लिए मिलेंगे अवसर
रोजगार मेले में ट्रेनी, मशीन ऑपरेटर, प्रोडक्शन ट्रेनी, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, सेल्स एग्जीक्यूटिव, पिकर/पैकर, सिक्योरिटी गार्ड, किचन हेल्पर, माइक्रो लोन ऑफिसर, टेक्नीशियन, टेलीसेल्स एग्जीक्यूटिव आदि विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी।
क्या होगी शैक्षिक योग्यता
इस रोजगार मेले में 8वीं, 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक एवं स्नातकोत्तर योग्यता वाले अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश, हरियाणा, गुजरात, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, महाराष्ट्र एवं दिल्ली-एनसीआर आदि स्थानों पर रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
बायोडाटा और शैक्षिक प्रमाण पत्र साथ लाएं
जिला सेवायोजन अधिकारी ने अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे अपने बायोडाटा, शैक्षिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रति तथा आधार कार्ड के साथ रोजगार मेले में उपस्थित होकर इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। वृहद रोजगार मेले में प्रतिभाग करने हेतु ऑनलाइन पंजीयन अनिवार्य नहीं है। कार्यक्रम स्थल पर ऑफलाइन पंजीयन काउंटर की व्यवस्था है।















