लखनऊ में राजा भैया से मिले हनुमान अंश फिल्म के कलाकार, लिया आशीर्वाद

लखनऊ, 6 सितंबर 2026। फिल्म हनुमान अंश, जो आध्यात्मिक गुरु पूज्य नींब करौरी बाबा के जीवन चरित्र पर बनी है, उसकी देश ही नहीं बल्कि दुनिया भर में चर्चा है। बहुत ही कम बजट में बनी इस फिल्म में न तो बॉलीवुड का कोई नामचीन कलाकार शामिल है और न ही स्क्रिप्ट राइटर और गीतकार फिर भी इस फिल्म ने अपना झंडा गाड़ दिया है।

फिल्म का एक और पहलू है कि इसमें कोई मसाला नहीं शामिल हैं, मसाला का आशय मारधाड़, विलेन का रोल ये सब कुछ भी नहीं है फिर भी फिल्म को हर वर्ग के लोग पसंद कर रहे हैं। इस फिल्म को महज दो करोड़ रुपए के बजट में डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने बनाया है। 

विशाल चतुर्वेदी के साथ कलाकारों की टीम ने 5 सितंबर 2026 लखनऊ में प्रतापगढ़ जिले की कुंडा विधानसभा सीट के विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया से मुलाकात की। राजा भैया ने इस मुलाकात की तस्वीर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया है।

तस्वीर के साथ राजा भैया ने लिखा है – पूज्य नींब करौरी बाबा के जीवन पर बनी फ़िल्म ‘हनुमान अंश’ की अद्भुत सफ़लता से फ़िल्म जगत स्तब्ध है। आस्थावानों का विश्वास है कि ये श्री हनुमान जी महाराज की कृपा से ही सम्भव हुआ है।आज इस फ़िल्म के पात्रों का ‘रामायण’ में पधारना मेरे लिये हर्ष और उल्लास का विषय है।निवेदन है कि आप लोग इसे अवश्य देखें। हॉल में देखेंगे तो पात्रों/निर्माता का उत्साहवर्धन होगा। जय जय सियाराम।

फिल्म कलाकारों के मुताबिक इस फिल्म की शूटिंग की शुरुआत और समापन हनुमान चालीसा पाठ से की जाती रही थी। पूज्य प्रेमानंद के सुझाव पर फिल्म का प्रमोशन करने के लिए भंडारे का आयोजन किया गया। कुल 8 भंडारे आयोजित किए गए।

इस फिल्म में बुंदेलखंड के दृष्टिहीन युवक ने बुंदेलखंडी में दो गाने गाए हैं जो लोगों की जुबान पर हैं। इसे लोग हनुमान की साक्षात कृपा मान रहे हैं।