लखनऊ, 7 अप्रैल 2026। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षामित्रों और अंशकालिक अनुदेशकों को बड़ी सौगात दी है। मंगलवार 7 अप्रैल 2026 को हुई कैबिनेट की बैठक में शिक्षामित्रों और अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव को स्वीकृत कर लिया गया।
अब शिक्षामित्रों का मानदेय 18 हजार रुपये और अंशकालिक अनुदेशकों का मानदेय 17 हजार रुपये होगा। वर्तमान में शिक्षामित्रों को 10 और अनुदेशकों को 9 नौ हजार रुपये का मानदेय मिल रहा है।
प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने कैबिनेट में इस प्रस्ताव को मिली मंजूरी के बारे में मीडिया को जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि शिक्षामित्रों और अनुदेशकों का बढ़ा हुआ मानदेय 1 मई 2026 से दिया जाएगा।
2017 में बढ़ा था मानदेय
शिक्षा मंत्री ने कहा कि 2017 में भाजपा की सरकार आने पर शिक्षामित्रों का मानदेय 3500 रुपये प्रतिमाह से बढ़ाकर 10 हजार रुपये किया गया था और अब 18 हजार रुपये किया जा रहा है। इसकी घोषणा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहले ही कर दी थी जिसके बाद कैबिनेट की बैठक में आज प्रस्ताव पर चर्चा हुई और प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई।