प्रतापगढ़, 11 सितंबर 2025। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में बाइक सवार बदमाशों ने कोचिंग से घर लौट रही छात्रा का मोबाइल लूट लिया। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गयी और दो घंटे के भीतर दोनों लूटेरों को धर दबोचा।
मामला रानीगंज थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार 11 सितंबर शिवनाथ तारा मोड़ के पास बाइक सवार बदमाशों ने 18 वर्षीय छात्रा का मोबाइल छीनकर फरार होने का प्रयास किया। पुलिस की सक्रियता से वारदात के महज दो घंटे के भीतर ही दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया।
बता दें थारिया निवासी अजय कुमार सरोज की बेटी गुड़िया गुरुवार को कोचिंग से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। पूर्वान्ह करीब 11:30 बजे जब वह साइकिल से रानीगंज से होते हुए शिवनाथ तारा के पास पहुंची, तभी बादशाहपुर की ओर जा रहे बाइक सवार बदमाशों ने छात्रा का मोबाइल झपट लिया और मौके से भाग निकले।
जहां पर घटना हुई, चिरकुट्टी पुलिस चौकी वहां से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर है। छात्रा ने शोर मचाया तो आस-पास के लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने घटना की सूचना तत्काल चौकी पुलिस को दी गई। कुछ ही देर बाद उपनिरीक्षक गिरजा शंकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
क्षेत्राधिकारी भी घटनास्थल पर आ पहुंचे और छात्रा से पूरी जानकारी ली। मौके का निरीक्षण करने के बाद क्षेत्राधिकारी ने उपनिरीक्षक को लापरवाही के लिए फटकार लगाई और तुरंत बदमाशों की तलाश शुरू करने के आदेश दिए। इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।
पुलिस को पेट्रोल टंकी के पास लगे कैमरे से बदमाशों की गतिविधियों का सुराग मिला। इसी आधार पर टीम ने पीछा करते हुए बदमाशों की लोकेशन ट्रेस की। दोपहर बाद पुलिस को सूचना मिली कि लुटेरे पास के खेतों में छिपे हुए हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों बदमाशों को धर दबोचा।
थाना प्रभारी प्रभात कुमार सिंह ने बताया कि कोचिंग से साइकिल से घर जा रही छात्रा को दो युवकों द्वारा मोबाइल छीनकर फरार हो गए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया है। दोनों नाबालिग हैं जिन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।















