नई दिल्ली, 26 नवंबर 2026। देश के जनजातीय उद्यमियों को सरकारी खरीद व्यवस्था से जोड़ने तथा उनके व्यवसाय के विस्तार के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत संचालित Government e-Marketplace (GeM) और Tribal Indian Chamber of Commerce and Industry (TICCI) के बीच नई दिल्ली में एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस समझौते का उद्देश्य देशभर के जनजातीय उद्यमियों, आदिवासी स्वामित्व वाले व्यवसायों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME), निर्माताओं, सेवा प्रदाताओं तथा स्टार्टअप को सरकारी खरीद प्रणाली से जोड़ने के लिए आवश्यक जानकारी, प्रशिक्षण एवं तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने में सहयोग करना है।
समझौता ज्ञापन पर GeM की ओर से Additional Chief Executive Officer श्री अजीत बी. चव्हाण तथा TICCI की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री सुधाकर धरावत एवं राष्ट्रीय महासचिव श्री बसंत तिर्की ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर श्री अनमोल पिंगुआ, श्री रोहित कंडूलना, श्री रहमान खेस, श्री विजय टोप्पो एवं श्री गंगाराम गगराई सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
GeM और TICCI के बीच हुए इस समझौते के माध्यम से जनजातीय उद्यमियों को सरकारी खरीद प्रक्रिया की जानकारी देने और उन्हें डिजिटल व्यावसायिक व्यवस्था से जोड़ने के लिए संयुक्त प्रयास किए जाएंगे। इसके अंतर्गत GeM पोर्टल पर पंजीकरण, उत्पादों एवं सेवाओं की सूची तैयार करना, कैटलॉग अपलोड करना, मूल्य निर्धारण, आवश्यक दस्तावेजों तथा सरकारी निविदाओं में भागीदारी से संबंधित प्रक्रियाओं पर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इसके साथ ही जनजातीय उद्यमियों को केंद्र एवं राज्य सरकारों के विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों (PSUs) तथा अन्य सरकारी संस्थानों की खरीद व्यवस्था में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण कार्यक्रमों, कार्यशालाओं, वेबिनार एवं क्षमता निर्माण गतिविधियों के माध्यम से उद्यमियों को सरकारी बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने का प्रयास किया जाएगा।
इस सहयोग में GeM की ओर से डिजिटल प्लेटफॉर्म, तकनीकी जानकारी एवं प्रशिक्षण संबंधी सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा, जबकि TICCI अपने देशव्यापी नेटवर्क के माध्यम से जनजातीय उद्यमियों की पहचान, जागरूकता, प्रशिक्षण एवं पंजीकरण में मार्गदर्शन की भूमिका निभाएगा।
जनजातीय उद्यमिता को मिलेगा संस्थागत सहयोग
जनजातीय समाज में पारंपरिक कौशल, स्थानीय संसाधनों एवं उद्यमशीलता की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। हस्तशिल्प, वस्त्र निर्माण, खाद्य प्रसंस्करण, कृषि एवं वनोपज आधारित उद्योग, विनिर्माण, परिवहन तथा विभिन्न सेवा क्षेत्रों में अनेक जनजातीय उद्यमी कार्यरत हैं। हालांकि सरकारी खरीद प्रक्रिया की जानकारी, तकनीकी दस्तावेजीकरण और बाजार तक पहुंच जैसी चुनौतियों के कारण उनकी भागीदारी सीमित रह जाती है।
GeM और TICCI का यह सहयोग इन चुनौतियों को कम करने तथा जनजातीय उद्यमियों को सरकारी आपूर्ति श्रृंखला से जोड़ने की दिशा में उपयोगी साबित हो सकता है। इससे विशेष रूप से छोटे व्यवसायों, ग्रामीण उद्यमियों, महिला उद्यमियों एवं युवा स्टार्टअप को अपने उत्पादों और सेवाओं के लिए व्यापक बाजार की संभावनाओं को समझने का अवसर मिलेगा।
छत्तीसगढ़ चैप्टर ने किया स्वागत
GeM जैसी राष्ट्रीय डिजिटल सरकारी खरीद व्यवस्था के साथ TICCI इंडिया का यह समझौता संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण संस्थागत उपलब्धि है। इससे TICCI के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों में जुड़े उद्यमियों एवं सदस्यों को सरकारी खरीद प्रणाली से संबंधित जानकारी और तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए एक व्यापक सहयोग का आधार तैयार हुआ है।
TICCI छत्तीसगढ़ चैप्टर ने इस समझौता ज्ञापन का स्वागत करते हुए राष्ट्रीय नेतृत्व को बधाई दी है। छत्तीसगढ़ चैप्टर के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश के जनजातीय उद्यमियों को सरकारी बाजार से जोड़ने की दिशा में भी उपयोगी अवसर बताया है।
इस अवसर पर TICCI छत्तीसगढ़ चैप्टर के अध्यक्ष श्री मोरध्वज पैकरा ने कहा कि, GeM और TICCI इंडिया के बीच हुआ यह समझौता हमारे संगठन के लिए प्रसन्नता एवं गौरव का विषय है। जनजातीय समाज के आर्थिक विकास में उद्यमिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। समाज के युवाओं को व्यवसाय के लिए प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें आधुनिक तकनीक, बाजार की जानकारी और संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराना भी आवश्यक है।
TICCI लंबे समय से जनजातीय समाज के उद्यमियों, व्यवसायियों, युवाओं एवं महिला उद्यमियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत है। GeM के साथ यह समझौता इस दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा। इसके माध्यम से हमारे संगठन से जुड़े उद्यमियों को सरकारी खरीद व्यवस्था को समझने, GeM पोर्टल पर पंजीकरण करने, उत्पादों एवं सेवाओं को सूचीबद्ध करने तथा निविदा प्रक्रिया में भाग लेने के संबंध में आवश्यक प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिल सकेगा।
मैं TICCI के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुधाकर धरावत, राष्ट्रीय महासचिव बसंत तिर्की एवं समस्त राष्ट्रीय नेतृत्व को इस पहल के लिए बधाई देता हूं। यह उपलब्धि संगठन के देशव्यापी नेटवर्क को और अधिक सार्थक बनाने के साथ जनजातीय उद्यमियों के व्यवसाय विस्तार में सहयोगी होगी।
छत्तीसगढ़ में भी जनजातीय समाज के अनेक युवा एवं व्यवसायी कृषि, वनोपज, खाद्य प्रसंस्करण, हस्तशिल्प, निर्माण, विनिर्माण एवं सेवा क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। हमारा प्रयास रहेगा कि इस समझौते के माध्यम से प्राप्त होने वाले प्रशिक्षण एवं तकनीकी मार्गदर्शन का लाभ प्रदेश के अधिक से अधिक पात्र उद्यमियों तक पहुंचे। TICCI छत्तीसगढ़ चैप्टर इस दिशा में जागरूकता, उद्यमी संपर्क एवं प्रशिक्षण गतिविधियों के माध्यम से सक्रिय भूमिका निभाएगा।
मेरा विश्वास है कि सरकारी खरीद व्यवस्था तक बेहतर पहुंच और तकनीकी जानकारी मिलने से जनजातीय उद्यमियों को अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के नए अवसर मिलेंगे। यह पहल उन्हें आर्थिक रूप से अधिक सक्षम बनाने तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में उनकी भागीदारी बढ़ाने की दिशा में सार्थक योगदान दे सकती है।”
आत्मनिर्भरता और आर्थिक भागीदारी की दिशा में प्रयास
GeM और TICCI के बीच यह समझौता जनजातीय उद्यमियों को सरकारी बाजार की संभावनाओं से परिचित कराने, उनकी व्यावसायिक क्षमता विकसित करने तथा सरकारी खरीद व्यवस्था में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए सहयोग का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है।
TICCI छत्तीसगढ़ चैप्टर ने इस अवसर पर GeM की टीम एवं TICCI इंडिया के राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आशा जताई कि इस सहयोग का लाभ देशभर के जनजातीय उद्यमियों तक पहुंचेगा और उन्हें अपने व्यवसाय के विस्तार के लिए बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।

