• Home
  • छत्तीसगढ़
  • छत्तीसगढ़ को मिलेगी राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय की सौगात, अमित शाह करेंगे भूमिपूजन
छत्तीसगढ़ को मिलेगी राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय की सौगात, अमित शाह करेंगे भूमिपूजन

छत्तीसगढ़ को मिलेगी राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय की सौगात, अमित शाह करेंगे भूमिपूजन

रायपुर, 19 जून 2025। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 22 जून को दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे। इस बात की पुष्टि राज्य के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने की है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री 22 और 23 जून को रायपुर प्रवास पर रहेंगे और इस दौरान राज्य को कई अहम सौगातें देंगे।

अमित शाह अपने दौरे के दौरान नया रायपुर में प्रस्तावित राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय (NFSU) की आधारशिला रखेंगे। राज्य सरकार ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए नया रायपुर में 40 एकड़ भूमि आवंटित कर दी है। इस विश्वविद्यालय की स्थापना से न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे मध्य भारत को अपराध जांच, फॉरेंसिक साइंस और साइबर अपराध विश्लेषण के क्षेत्र में नई दिशा मिलेगी।

इसके अलावा, अमित शाह छत्तीसगढ़ राज्य फोरेंसिक लैब की स्थापना के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। यह लैब अपराध अनुसंधान को तकनीकी दृष्टि से और अधिक मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।

राज्य सरकार इस पहल को कानून-व्यवस्था को सशक्त करने और आधुनिक तकनीक के सहारे न्याय व्यवस्था को तेज़ और विश्वसनीय बनाने की दिशा में बड़ा कदम मान रही है। माना जा रहा है कि इस दौरे के दौरान गृह मंत्री राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों और भाजपा नेताओं से भी मुलाकात कर सकते हैं।

यह दौरा छत्तीसगढ़ के विकास और सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।