नई दिल्ली, 3 मई 2026। देश की राजधानी नई दिल्ली में 3 मई 2026 की भोर में दर्दनाक घटना हो गयी। शाहदरा क्षेत्र के विवेक विहार में एक 4 मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 9 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। कुछ लोग झुलस गए है। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक अग्निशमन दल को फायर कंट्रोल रूम के माध्यम से भोर में करीब 3:47 बजे आग लगने की जानकारी मिली थी। इसके तुरंत बाद 14 फायर टेंडर मौके पर पहुंच गए और आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू किया।
शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि सुबह लगभग 4 बजे, आग लगने की सूचना मिली। दमकल की गाड़ियां और स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने में करीब 2 घंटे लगे, जिसके बाद तलाशी अभियान चलाया गया।
पुलिस के अनुसार, सभी शव बरामद कर लिए गये हैं,। शव को दिल्ली पुलिस की क्राइम टीम को सौंप दिया गया है। घायलों को गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय निवासी रोहित ने बताया कि सुबह करीब 3:13 बजे AC में धमाके से घर में आग लगी। रिपोर्ट्स में कहा गया है कि आग सबसे पहले दूसरी मंजिल के एक फ्लैट में लगी और धीरे-धीरे ऊपर की सभी मंजिलों में फैल गई। यहां 4 लोग थे, जिनकी मौत हो गई। तीसरी मंजिल पर मौजूद जान बचाने के लिए छत पर भागे, लेकिन छत का दरवाजा बंद था।