प्रसून जोशी प्रसार भारती के नए चेयरमैन

नई दिल्ली, 2 मई 2026। प्रसून जोशी को प्रसार भारती का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है। वे लेखक, जाने-माने गीतकार और संचार विशेषज्ञ हैं। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने 2 मई, 2026 को एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए प्रसून जोशी को इस पद पर नियुक्त किये जाने की जानकारी दिया है।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि प्रसून जोशी एक विशिष्ट रचनात्मक पेशेवर हैं, जिन्होंने साहित्य, विज्ञापन, सिनेमा और सार्वजनिक संचार के क्षेत्रों में व्यापक योगदान दिया है।

प्रसून जोशी अपनी प्रभावशाली लेखन शैली और गहरी सांस्कृतिक समझ के लिए जाने जाते हैं और उन्होंने समकालीन भारतीय मीडिया के विमर्श को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके कार्यों में फिल्मी गीत, विज्ञापन अभियान और सामाजिक रूप से प्रासंगिक कहानियां शामिल हैं, जो पूरे देश के विविध दर्शकों से जुड़ती हैं।

प्रसार भारती के चेयरमैन पद पर प्रसून जोशी की नियुक्ति पर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, प्रसार भारती बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त होने पर प्रसून जोशी जी को मेरी हार्दिक बधाई।

अश्विनी वैष्णव ने आगे कहा, प्रसून जोशी एक दुर्लभ रचनात्मक प्रतिभा के धनी हैं, जिनकी विज्ञापन, साहित्य, कला और सिनेमा जगत में दुनिया भर में सराहना होती है, फिर भी उनका दिल पूरी तरह से भारत के लिए धड़कता है।

वैष्णव ने आगे कहा, जोशी के शब्दों में देश की मिट्टी की महक है, और उनकी सोच में भारतीय संस्कृति का शाश्वत सार झलकता है। उनके नेतृत्व में, प्रसार भारती को नई ऊर्जा, गहरा उद्देश्य और एक नई रचनात्मक पहचान मिलेगी। उनके आगामी कार्यकाल के यादगार और सार्थक होने के लिए मेरी ओर से उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं।

इस नियुक्ति से पहले, प्रसून जोशी अगस्त 2017 से मुंबई स्थित केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे।