प्रतापगढ़ में युवक टिंकू शुक्ला की ससुराल में मामा के बेटे ने कर दी हत्या

प्रतापगढ़, 2 मई 2026। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में ससुराल पहुंचे टिंकू शुक्ला उर्फ विजय की चाकू से मारकर हत्या कर दी गयी। हत्या की यह वारदात किसी और ने नहीं बल्कि टिंकू के ही ममेरे भाई दीपक पांडेय ने की। घटना के बाद वह मौके से भागने में कामयाब रहा। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

क्षेत्राधिकारी सदर करिश्मा गुप्ता ने बताया कि बाघराय थाना क्षेत्र के हरिहरपुर निवासी टिंकू शुक्ला उर्फ विजय 2 मई 2026 की दोपहर में अपनी ससुराल महेशगंज थाना क्षेत्र के राजापुर गांव में आया था। यहां ससुराल में टिंकू के मामा का लड़का दीपक पांडेय भी मौजूद था।

बताते हैं कि किसी बात को लेकर टिंकू शुक्ला और दीपक पांडेय में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दीपक पांडेय ने चाकू से टिंकू शुक्ला पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिये और मौके से भाग निकला। चाकू के वार से घायल टिंकू को उनकी ससुराल के लिए स्थानीय चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

घटना की जानकारी होते ही महेशगंज थाने की पुलिस भी पहुंची। पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी ली। परिजनों की तहरीर के आधार पर इस मामले में सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर हत्यारोपी दीपक पांडेय को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। क्षेत्राधिकारी सदर करिश्मा गुप्ता ने कहा कि हत्यारोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।