• Home
  • यूपी
  • एलपीजी और ईंधन की कोई कमी नहीं, अफवाहों से बचें : धीरज ओझा
एलपीजी और ईंधन की कोई कमी नहीं, अफवाहों से बचें : धीरज ओझा

एलपीजी और ईंधन की कोई कमी नहीं, अफवाहों से बचें : धीरज ओझा

प्रतापगढ़, 12 मार्च 2026। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं रानीगंज विधानसभा के पूर्व विधायक धीरज ओझा ने एलपीजी और ईंधन को लेकर फैल रही अफवाह से जनता का अवगत कराने सोशल मीडिया पर अभियान शुरू किया है। उन्होंनें नागरिकों से भावुक अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र में ईंधन की कोई कमी नहीं है। जनता को किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है।

पूर्व विधायक धीरज ओझा ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व और शरारती तत्व जनता के बीच भय का माहौल पैदा करने के लिए पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कमी की झूठी खबरें फैला रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले के सभी फिलिंग स्टेशनों और गैस एजेंसियों के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। आपूर्ति श्रृंखला पूरी तरह सुचारू है और भविष्य में भी किसी प्रकार की बाधा आने की कोई संभावना नहीं है।

धीरज ओझा ने नागरिकों से आग्रह किया कि वे ‘पैनिक बाइंग’ (घबराहट में जरूरत से ज्यादा खरीदारी) न करें। अक्सर अफवाहों के चलते लोग पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें लगा देते हैं, जिससे अनावश्यक अफरा-तफरी का माहौल बनता है। उन्होंने कहा, आपकी सरकार और प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि हर घर तक रसोई गैस और हर वाहन तक ईंधन पहुंचता रहे। स्टॉक की कोई कमी नहीं है, इसलिए जरूरत के अनुसार ही खरीदारी करें।

अफवाह फैलाने वालों पर होगी नजर

भाजपा नेता ने प्रशासन से भी इस संबंध में वार्ता की है और मांग की है कि जो लोग सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से गलत सूचनाएं प्रसारित कर रहे हैं, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी अपील की है कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करें और उन्हें सच बताएं।