यूपी

प्रतापगढ़ में मातृ-मृत्यु दर अधिक, मंडलायुक्त ने रोका सीएमओ का वेतन

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On अक्टूबर 30, 2026
1 min read • 1.2k views
प्रतापगढ़ में मातृ-मृत्यु दर अधिक, मंडलायुक्त ने रोका सीएमओ का वेतन

प्रतापगढ़, 30 अक्टूबर 2026। प्रतापगढ़ में स्वास्थ्य योजनाओं में की जा रही लापरवाही पर मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने बड़ा एक्शन लिया है। उन्होंने सीएमओ डॉ.एएन प्रसाद का वेतन रोकने का निर्देश दिया है। मंडलायुक्त इस कदर नाराज दिखे कि उन्होंने इस बात का भी निर्देश दिया कि स्वास्थ्य योजनाओं में जब तक सुधार न आये तब तक सीएमओ का वेतन न आहरित किया जाये। इससे ठीक दो दिन पहले हुई जिला शासी निकाय की बैठक में भी सीडीओ ने जिले की स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति खराब पाये जाने पर नाराजगी जताई थी।

मंडलायुक्त प्रयागराज डॉ. लोकेश एम. 30 अक्टूबर 2026 को प्रतापगढ़ पहुंचे। उन्होंने विकास भवन के सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की और जिले में संचालित शासन की योजनाओं की समीक्षा की। मंडलायुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभागवार योजनाओं की प्रगति, निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गयी। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुंचाना सुनिश्चित करें तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता न बरती जाए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने जनपद में प्रसव एवं मातृ-मृत्यु की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। प्रतापगढ़ में मातृ-मृत्यु दर अधिक होने तथा इस दिशा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई न किए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक स्थिति में सुधार नहीं आता, वेतन आहरित नहीं किया जाएगा।

उन्होंने निर्देशित किया कि किसी भी दशा में मातृ-मृत्यु की घटनाएं न हों तथा ऐसी कोई घटना होने पर उसके कारणों की गहन समीक्षा कर जिम्मेदारी निर्धारित की जाए। साथ ही सीएचसी एवं पीएचसी की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने, सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर हाईमास्ट लाइट लगाने, परिसर में जलभराव एवं गंदगी न रहने देने तथा मच्छरजनित एवं अन्य संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। केंद्रों के सौंदर्यीकरण कार्यों का पीपीटी के माध्यम से अवलोकन भी किया।

बैठक में जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अनुष्का शर्मा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिषेक सेहरा, संयुक्त विकास आयुक्त प्रयागराज, उप निदेशक अर्थ एवं संख्या प्रयागराज सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें: प्रतापगढ़ में स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति खराब, सीडीओ सख्त, लापरवाही पर नोटिस

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।